निर्धारित दिन होगी आईपीएल गवर्निग काउंसिल की बैठक : मनोहर (लीड-2)
मनोहर ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी द्वारा एक फ्रेंचाइजी टीम के मालिक द्वारा मालिकाना हक हासिल करने के सिलसिले में नीतियों के उल्लंघन से जुड़ा सवाल उठाए जाने के बावजूद गवर्निग काउंसिल की बैठक की तारीख में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
मनोहर ने कहा, "आईपीएल संविधान के अनुसार सभी बैठकों का समन्यवयक सचिव होता है। आज की बैठक का आयोजन भी मैंने नहीं किया। सचिव एन. श्रीनिवासन आने वाली बैठक का समन्यवयन करेंगे।"
मोदी द्वारा श्रीनिवासन पर चेन्नई सुपर किंग्स का मालिकाना हक हासिल करने के सिलसिले में अनियमितता बरतने संबंधी आरोपों के जवाब में मनोहर ने कहा कि इंडिया सिमेंट्स के मालिक के तौर पर आईपीएल टीम का मालिकाना हक हासिल करके श्रीनिवासन ने किसी नीति का उल्लंघन नहीं किया।
आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी और विरोधी गुट में शामिल लोगों द्वारा यह आरोप लगाए जाने के बाद कि प्रशासनिक पद पर रहते हुए भी श्रीनिवासन ने सुपर किंग्स टीम का मालिकाना हक हासिल करके आईपीएल की नीतियों और गोपनियता का उल्लंघन किया है।
मनोहर ने श्रीनिवासन पर लगे तमाम आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि टीम का मालिकाना हक हासिल करने की प्रक्रिया के दौरान श्रीनिवासन ने बोर्ड से ऊपर उठकर फैसले लिए हैं।
मनोहर ने कहा कि तत्कालीन बीसीसीआई अध्यक्ष और केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने श्रीनिवासन को आईपीएल टीम की बोली लगाने की इजाजत दी थी। मनोहर ने मोदी को इस बात की लताड़ लगाई कि दूसरों का नाम विवादों में घसीटने की जगह बेहतर होगा कि वह इस बात को स्वीकार करें कि खुद उनके रिश्तेदारों ने आईपीएल टीमों में हिस्सेदारी खरीद रखी है।
मनोहर ने कहा, "सुपर किंग्स की बोली लगाने में श्रीनिवासन नहीं बल्कि इंडिया सिमेंट्स कंपनी का हाथ रहा है।" इस मौके पर इंडिया सिमेंट्स के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मनोहर के पास मौजूद थे।
बीसीसीआई प्रमुख ने कहा, "श्रीनिवासन को बोली लगाने वाला बताना अनुचित है। अगर मोदी और उनके किसी रिश्तेदार का किसी टीम में हिस्सेदारी है तो उन्हें बैठक में इस बात का खुलासा करना होगा।"
आईपीएल की कोच्चि फ्रेंचाइजी को लेकर उपजे विवाद पर मनोहर ने कहा, "जनवरी, 2008 में सभी आठ टीमों से जुड़े जो अनुबंध किए गए थे तो उस समय मैं आईपीएल कार्यकारी समिति में नहीं था। अब 11 अप्रैल को कोच्चि फ्रेंचाइजी के मालिकों के नाम मोदी ने सार्वजनिक कर दिए। अनुबंध की शर्तों के अनुसार यह गोपनीयता का उल्लंघन है।"
बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा कि गवर्निग काउंसिल की प्रस्तावित बैठक 26 अप्रैल को ही होगी। उन्होंने सवाल उठाया कि मोदी ने इस मामले में मालिकों के नाम सार्वजनिक करने के मसले को उठाने में इतनी देर क्यों लगा दी?
उल्लेखनीय है कि आईपीएल से जुड़ा पूरा विवाद पिछले दिनों उस समय खड़ा हुआ जब मोदी ने कोच्चि फ्रेंचाइजी के सभी मालिकों के नाम ट्विटर पर सार्वजनिक कर दिए। इसमें एक नाम सुनंदा पुष्कर का भी था और इसी वजह से थरूर भी विवादों में आ गए और बाद में उन्हें मंत्री पद भी त्यागना पड़ा। सुनंदा थरूर की करीबी दोस्त हैं और इसे वह खुद स्वीकार चुके हैं। अब मोदी को भी हटाने जाने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications