आईपीएल-3 को कभी नहीं भुला पाएंगे मुरली विजय
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु के सलामी बल्लेबाज मुरली विजय के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का तीसरा संस्करण कभी नहीं भुला पाने वाला अनुभव साबित हुआ है। मुरली ने इस मौके को भुनाते हुए खुद को एक बेहतरीन ट्वेंटी-20 खिलाड़ी के रूप में साबित किया है।
चेन्नई सुपर किंग्स को खिताबी जीत दिलाने में अहम योगदान देने वाले मुरली ने इस ट्वेंटी-20 लीग के माध्यम से न सिर्फ अपने ऊपर लगी टेस्ट बल्लेबाज की 'मुहर' को हटाया बल्कि इसी लीग में अच्छा खेलकर वह ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रहे।
यह अलग बात है कि उन्हें चोटिल सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के स्थान पर टीम में शामिल किया गया लेकिन उनके लिए सबसे खास बात यह है कि जो चयनकर्ता अब तक उन्हें टेस्ट तथा एकदिवसीय मैचों के लिए स्थानापन्न सलामी बल्लेबाज समझा करते थे, उनकी नजर में अब वह एक अच्छे ट्वेंटी-20 बल्लेबाज बन चुके हैं।
यह बात मुरली के लिए ज्यादा खास है क्योंकि अब तक उन्हें टेस्ट तथा एकदिवसीय मैचों में जितने भी मौके मिले हैं, उन्होंने काफी हद तक खुद को साबित किया है लेकिन सचिन तेंदुलकर, सहवाग और गौतम गंभीर जैसे वरिष्ठ और सफल सलामी बल्लेबाजों के रहते उनके लिए भारतीय टीम में नियमित स्थान बनाने अब तक संभव नहीं हो सका है। इस कामयाबी के बाद जाहिर तौर पर मुरली के लिए नए रास्ते खुलेंगे।
सहवाग कंधे में चोट के कारण विश्व कप टीम से बाहर हो गए हैं। मुरली ने इस आईपीएल में तीन मुकाम पर सफलता हासिल की। वह न सिर्फ इस आईपीएल में सर्वाधिक व्यक्तिगत योग हासिल करने में सफल रहे बल्कि उनका नाम सर्वाधिक छक्के लगाने वाले और सर्वाधिक कैच लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल है।
आईपीएल-3 में चार बल्लेबाजों ने शतक लगाए। मुरली के अलावा किंग्स इलेवन पंजाब के माहेला जयवर्धने (110 नाबाद), दिल्ली डेयर डेविल्स के डेविड वार्नर (107 नाबाद) और राजस्थान रायल्स के यूसुफ पठान (100) का नाम इस सूची में है। मुरली ने राजस्थान के खिलाफ 56 गेंदों पर 127 रनों की तूफानी पारी खेली थी। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और 11 छक्के लगाए थे।
राजस्थान के खिलाफ खेली गई इसी पारी ने मुरली को आईपीएल-3 में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया। इस सूची में बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के रोबिन उथप्पा पहले स्थान पर हैं। उथप्पा के नाम कुल 27 छक्के हैं जबकि मुरली के बल्ले से 26 छक्के निकले हैं। उथप्पा ने उनसे एक मैच अधिक खेला है। यूसुफ पठान (24) तीसरे और सुरेश रैना (22) चौथे स्थान पर हैं।
एक अच्छा बल्लेबाज होने के अलावा मुरली ने साबित किया है कि वह एक बेहतरीन क्षेत्ररक्षक भी हैं। इसका कारण यह है कि आईपीएल-3 में उनके नाम कुल 11 कैच दर्ज हैं। सर्वाधिक कैच लेने के मामले में डेक्कन चार्जर्स के एंड्रयू सायमंड्स (12) ही उनसे आगे हैं। मुरली ने खिताबी मुकाबले में अहम मुकाम पर मुंबई इंडियंस के कप्तान सचिन तेंदुलकर का एक बेहतरीन कैच लिया था। रेना ने आईपीएल के इस संस्करण में 10 कैच लिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications