टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम डेले, कार्डेल जैक (10/2) और ट्रेमेन स्मार्ट (17/2) की शानदार गेंदबाजी के कारण 19.2 ओवरों में 84 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई।
पाकिस्तान के लिए नैन आबीदी और कप्तान निदा डार ने सर्वाधिक 18-18 रनों का योगदान दिया जबकि क्वानीता जलील ने 12 रन बनाए। पाकिस्तानी टीम के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं पार कर सके।
जवाब में खेलने उतरी मेजबान टीम ने 19.4 ओवरों में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मेजबान टीम की ओर से डीनड्रा डॉटिन ने सर्वाधिक 28 रनों का योगदान दिया जबकि स्टेसी किंग 25 रन बनाकर नाबाद लौटीं।
पाकिस्तानी की ओर से सादिया यूसुफ ने 10 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि जलील को दो सफलता मिली। अच्छे प्रदर्शन के बाद भी पाकिस्तानी गेंदबाज बेहतरीन लय में दिख रही मेजबान टीम को लक्ष्य हासिल करने से नहीं रोक सकी।
वेस्टइंडीज की महिलाओं ने हाल ही में खेली गई तीन मैचों की श्रृंखला में श्रीलंका को 3-0 से पराजित किया था। महिला विश्व कप 30 अप्रैल से 16 मई तक खेला जाना है। इसके सभी मैच सेंट किट्स में ही खेले जाने हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।