ली को मंगलवार को जिंबाब्वे के साथ खेले गए अभ्यास मैच के दौरान चोट लगी। यह मैच आस्ट्रेलियाई टीम एक रन के अंतर से हार गई। ली का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है।
ली के स्थान पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण में चेन्नई सुपर किंग्स टीम के लिए शानदार गेंदबाजी करने वाले डगलस बोलिंगर या फिर क्वींसलैंड के गेंदबाज रेयान हैरिस को मौका मिल सकता है। दोनों गेंदबाज इन दिनों शानदार फार्म में हैं।
आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'द एज' के अनुसार सेंट लूसिया में मंगलवार को खेले गए अभ्यास मैच के दौरान ली की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। एमआरआई स्कैन के बाद इसकी गंभीरता का पता चला। इस मैच में उन्होंने 13 रन देकर एक विकेट झटका।
हाल ही में ली की कोहनी का ऑपरेशन हुआ था। टीम के एक प्रवक्ता ने बताया कि ताजा चोट उनकी कोहनी से जुड़ी नहीं है। उन्होंने कहा, "ली के दाएं हाथ की मांसपेशियों में खिंचाव आया है। हमने उनकी जगह किसी और गेंदबाज को टीम में शामिल करने के लिए आईसीसी तकनीकी समिति से बात की है।"
ली ने कहा कि उन्होंने खुद को आराम देने के लिए विश्व कप से हटने का फैसला किया है। 30 अप्रैल से आरंभ हो रहे विश्व कप में आस्ट्रेलियाई टीम को अपना पहला मुकाबला दो मई को सेंट लूसिया में पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।