ट्वेंटी-20 विश्व कप : पहले ही मैच में अफगानिस्तान की अग्निपरीक्षा
शनिवार को सेंट लूसिया के ग्रास इस्लेट को ब्यूसजर स्टेडियम में उसका सामना 2008 के चैम्पियन भारत से होगा। यह मुकाबला अफगानिस्तान के लिए किसी भी लिहाज से आसान नहीं होगा क्योंकि उसके और भारतीय टीम के बीच अनुभव और प्रतिभा का बहुत बड़ा फासला है।
इसके बावजूद यह कहना गलत होगा कि अफगान टीम इस मैच को जीतने के बारे में नहीं सोच रही होगी। अपने दोनों अभ्यास मैचों में जीत हासिल करके इस टीम ने साबित किया है कि क्वालीफाईंग टूर्नामेंट जीतना महज इत्तेफाक नहीं था। उसमें भी दिग्गजों को चौंकाने का दमखम है।
अफगान टीम के बारे में कहा जाता है कि वह विषम परिस्थितियों में भी अपना कदम पीछे नहीं हटाती और अंतिम समय तक लड़ती रहती है। उसके खिलाड़ियों को यह गुण जन्मजात मिला है और यही कारण है कि भारतीय टीम भी उसे कमतर नहीं आंक रही है।
यह अफगानिस्तान की टीम का दुर्भाग्य कहा जा सकता है कि अपने पहले ही विश्व कप में उसे ऐसे ग्रुप में रखा गया, जहां भारत और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमें है, जिन्हें हराने के लिए उसे एड़ी-चोटी का जोर लगाना होगा।
अफगान टीम को डेल स्टेन और जहीर खान जैसे तेज गेंदबाजों का सामना करने के साथ-साथ युद्ध की मार झेल रहे अपने करोड़ों देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का भी दबाव झेलना होगा।
अफगानिस्तान की टीम ने अब तक छह ट्वेंटी-20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, जिनमें से उसे चार में जीत मिली है। इसके अलावा उसे पांच एकदिवसीय मैचों का भी अनुभव है। उसने पांच में से तीन मैच जीते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications