गयाना, 01 मई (आईएएनएस)। यहां के प्रोविडेंस स्टेडियम में ट्वेंटी-20 विश्व कप के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 135 रन बनाए।
पारी की शुरुआत करने वाले सलामी बल्लेबाज महेला जयवर्धने ने 51 गेंदों पर शानदार 81 रनों की पारी खेली, जबकि उनके साथ मैदान पर उतरे तिलकरत्ने दिलशान कुछ खास नहीं कर सके और 19 गेंदों पर केवल तीन रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें जैकम ओराम ने बोल्ड किया। टिम सुथी की गेंद पर नाथन मैक्कुलम ने जयवर्धने का कैच पकड़ा।
इसके बाद नौवें ओवर में कुमार संगकारा चार रन के निजी स्कोर पर स्कॉट स्टायरिश की गेंद पर बोल्ड हो गए। दिनेश चांडीमल 23 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए। चमारा कपुगेडेरा 11 और एंग्लो मैथ्यू तीन रन बनाकर आउट हुए। दोनों को शेन बॉन्ड की गेंद पर मैक्कुलम ने कैच पकड़ा। सनत जयसूर्या शून्य के स्कोर पर नाबाद लौटे।
न्यूजीलैंड की ओर से शेन बॉन्ड ने दो जबकि मैक्कुलम, सुथी, ओरम और स्टाइरिस को एक-एक विकेट मिले।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।