पीटरसन का कहना है कि वह इस टूर्नामेंट में तब तक खेलते रहेंगे जब तक उनके बच्चे के जन्म की घड़ी निकट नहीं आ जाती और जैसे ही उनकी जिंदगी का यह हसीन पल नजदीक आ जाएगा, वह अपने मुल्क रवाना हो जाएंगे। उनकी पत्नी के 15 मई के आसपास बच्चे को जन्म देने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि 16 मई को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
वेबसाइट 'ईएसपीएन स्टार डॉट कॉम' के अनुसार पीटरसन ने कहा, "जैसे ही मेरे बच्चे के जन्म की घड़ी निकट आ जाएगी तो मैं तुरंत चला जाउंगा। टूर्नामेंट में हमारी टीम किसी भी हालत में हो, मैं स्वदेश जाऊंगा। इस बारे में टीम प्रबंधन के साथ मेरी बात पहले ही हो चुकी है।"
पीटरसन ने कहा, "मुझे इस बात का दुख होगा कि लोग इस कदम के लिए मेरी निंदा करेंगे। मैं पहली बार पिता बनने जा रहा हूं और ऐसे वक्त में अपनी पत्नी के पास होना जरूरी है।"
उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड को इस टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला मेजबान वेस्टइंडीज के खिलाफ आठ मई को खेलना है। इंग्लैंड को ग्रुप डी में आयरलैंड और वेस्टइंडीज के साथ जगह दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।