भारतीय समयानुसार शाम सात बजे से खेले जाने वाले पहले मुकाबले में जहां आस्ट्रेलियाई टीम बांग्लादेश से भिड़ेगी वहीं इसी मैदान पर रात 11 बजे से खेले जाने वाले दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीकी टीम अफगानिस्तान के सामने होगी।
ग्रुप-ए में आस्ट्रेलिया अपना पहला मैच जीतकर पूरे अंक हासिल कर चुका है। उसने पाकिस्तान को हराया था। अब उसका सामना बांग्लादेश से होने जा रहा है, जिसके खाते एक भी जीत दर्ज नहीं है।
आस्ट्रेलिया का यह मैच जीतना लगभग तय माना जा रहा है। उसकी जीत की सूरत में इस ग्रुप से बांग्लादेश की छुट्टी हो जाएगी। ग्रुप में आस्ट्रेलिया पहले और पाकिस्तान दूसरे स्थान पर रहेगा।
वैसे बांग्लादेश को हराना आस्ट्रेलिया के लिए आसान खेल नहीं होगा क्योंकि सकीबुल हसन की टीम ने पाकिस्तान को काफी हद तक पानी पिला दिया था। ऐसे में आस्ट्रेलिया को सावधान रहते हुए मैदान में उतरना होगा।
इसी मैदान पर खेले जाने वाले दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका और पहली बार विश्व कप में खेल रहे अफगानिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी।
अफगानिस्तान ने ग्रुप-सी के अपने पहले मुकाबले में भारत के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। उसने न सिर्फ 100 रनों का कुल योग पार किया था बल्कि उसके एक बल्लेबाज ने अर्धशतक भी लगाया था।
अफगानिस्तान के लिए दक्षिण अफ्रीका को हरा पाना बहुत मुश्किल होगा लेकिन दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए इस मैच के जरिए काफी कुछ दांव पर लगा होगा। यह मैच जीतने की सूरत में ही वह सुपर-8 में पहुंच सकती है।
अफगानिस्तान अगर कोई उलटफेर करने में सफल रहा तो फिर दक्षिण अफ्रीका का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा और ग्रुप-सी से भारत और अफगान टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी। भारत ने अपने दोनों मैच जीतकर पहले ही सुपर-8 में जगह बना ली है।
कार्यक्रम :
5 मई (बुधवार) : आस्ट्रेलिया बनाम बांग्ल्लादेश (ग्रुप-ए), किंग्स्टन ओवल, ब्रिजटाउन, बारबाडोस (19.00 बजे आईएसटी)।
5 मई (बुधवार) : अफगानिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका (ग्रुप -सी), किंग्स्टन ओवल, ब्रिजटाउन, बारबाडोस।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।