पोर्ट-ऑफ-स्पेन, 5 मई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के कप्तान क्रिस गेल ने कहा है कि ट्वेंटी-20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में टीम को ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है।
गुयाना में वेस्टइंडीज के खिलाफ सोमवार को इंग्लैंड 191 रन बनाए थे लेकिन डकवर्थ लुईस नियम के कारण इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा। गेल ने कहा कि इस मैच में हमारे गेंदबाज बहुत अनियमित थे।
एक स्थानीय समाचार पत्र 'त्रिनिदाद गार्जियन' ने गेल के हवाले से लिखा है, "हमें अपनी गेंदबाजी पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। मेरा मानना है कि इंग्लैंड 191 रन इसलिए बनाने में कामयाब रहा क्योंकि हमारे गेंदबाज अच्छी लाइन और लेंथ से गेंद नहीं डाल सके लेकिन उम्मीद है कि आगे वह इस को दुरुस्त कर लेंगे।"
वेस्टइंडीज ने पहले मैच में आयरलैंड को आसानी से 70 रनों से हरा दिया था लेकिन दूसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ उसे डकवर्थ-लुईस नियम के सहारे ही जीत मिली।
गेल ने कहा कि उनकी टीम के विश्व कप जीतने के काफी अच्छे आसार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।