यह मुकाबला काफी रोचक और कांटे का होगा क्योंकि दोनों टीमें शानदार फार्म में हैं। दोनों टीमों ने ग्रुप स्तर अजेय स्थिति बनाए रखा। आस्ट्रेलिया ने जहां ग्रुप-ए में अपने दोनों मैच जीते वहीं भारत ने ग्रुप-सी में पहला स्थान हासिल किया।
आस्ट्रेलिया ने अपने पहले ग्रुप मैच में मौजूदा चैम्पियन पाकिस्तान को 34 रनों से धूल चटाई थी। इसके बाद उसने ग्रुप की तीसरी टीम बांग्लादेश को पराजित किया था।
दूसरी ओर, भारत ने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में अफगानिस्तान को हराया था। इसके बाद उसने अपने दूसरे मुकाबले में सुरेश रैना के शानदार शतक की बदौलत शक्तिशाली दक्षिण अफ्रीका को भी पराजित किया।
आस्ट्रेलियाई टीम ने दो मैचों में 40 ओवरों में कुल 332 रन बटोरे जबकि उसके खिलाफ इतने ही ओवरों में 271 रन बने। उसका नेट रन रेट प्लस 1.525 रहा।
भारत ने अपने दो मुकाबलों में कुल 34.5 ओवर की बल्लेबाजी की और 302 रन बटोरे। भारतीय टीम के खिलाफ 40 ओवरों में 287 रन बने। भारत का कुल रन रेट प्लस 1.495 रहा, जो आस्ट्रेलिया से थोड़ा कम है।
बीते मैचों के परिणाम पर नजर डालें तो दोनों टीमों का प्रदर्शन लगभग बराबरी का रहा है लेकिन आने वाले मैचों में जीत उसी की होगी, जो मैच के दिन बेहतर खेल दिखाएगा।
दो मई को दक्षिण अफ्रीका को हराकर सुपर-8 में जगह तय करने वाली भारतीय टीम पांच दिनों के आराम के बाद मैदान पर उतरेगी। इस दौरान उसे अच्छी खबर मिली है। उसके तेज गेंदबाज जहीर खान और सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर इस अहम मुकाबले के लिए फिट घोषित कर दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।