दूसरे विकेट के रूप में सलामी बल्लेबाज सलमान बट्ट पेवेलियन लौटे। बट्ट ने 26 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाए। उन्होंने मोहम्मद हफीज के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। बट्ट का विकेट 71 रन के कुल योग पर गिरा।
इससे पहले, छक्का लगाकर पारी की शुरुआत करने वाले सलामी बल्लेबाज कामरान अकमल 18 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाने के बाद स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर क्रेग कीसवीटर के हाथों विकेट के पीछे लपके गए थे।
अकमल का विकेट 31 रन के कुल योग पर गिरा। पाकिस्तान ने 18 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट खोकर 76 रन बना लिए हैं। हफीज ने 13 गेंदों पर दो चौकों की सहायता से 18 रन बनाए हैं जबकि उमर अकमल ने पांच रन जोड़े हैं।
दोनों टीमों ने अपने-अपने ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल किया है। इंग्लैंड की टीम ग्रुप-डी में थी जबकि पाकिस्तान की टीम ग्रुप-ए में थी। ग्रुप-डी से वेस्टइंडीज और ग्रुप-ए से आस्ट्रेलिया ने पहला स्थान हासिल किया है।
इंग्लैंड ने ग्रुप मैच में आयरलैंड को पराजित किया था जबकि उसे वेस्टइंडीज के हाथों हार मिली थी। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने अपने ग्रुप मैच में बांग्लादेश को हराया था। आस्ट्रेलिया के खिलाफ उसे हार मिली थी।
विश्व कप के तीसरे संस्करण में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन्हें तीन-तीन के चार ग्रुप में विभाजित किया गया था। प्रत्येक ग्रुप से दो टीमें सुपर-8 दौर में पहुंची हैं। इन्हें ग्रुप-ई और ग्रुप-एफ में विभाजित किया गया है। इन्हीं टीमों के बीच सेमीफाइनल की जंग होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।