तेंदुलकर ने सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट 'ट्विटर' पर लिखा है कि वह अपने पूरे परिवार और दोस्तों के साथ बैठकर इस मैच का आनंद लेना चाहते हैं। तेंदुलकर ने इस महत्वपूर्ण मैच के लिए अपने साथियों को शुभकामनाएं दी हैं।
उल्लेखनीय है कि तेंदुलकर मंगलवार देर रात ट्विटर के सदस्य बने थे। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीन दिनों में उनके करीब दो लाख 'फॉलोअर' बन चुके हैं। खेल और फिल्म जगत की कई हस्तियों ने तेंदुलकर के ट्विटर पर आने को लेकर खुशी जताई है।
आज के मैच की बात करें तो, 2008 में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम और एकदिवसीय विश्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया के बीच होने वाला यह मुकाबला काफी रोचक और कांटे का होगा क्योंकि दोनों टीमें शानदार फार्म में हैं। दोनों टीमों ने ग्रुप स्तर पर अजेय स्थिति बना रखी है। आस्ट्रेलिया ने जहां ग्रुप-ए में अपने दोनों मैच जीते वहीं भारत ने ग्रुप-सी में पहला स्थान हासिल किया।
आस्ट्रेलिया ने अपने पहले ग्रुप मैच में मौजूदा चैम्पियन पाकिस्तान को 34 रनों से धूल चटाई थी। इसके बाद उसने ग्रुप की तीसरी टीम बांग्लादेश को पराजित किया था। भारत ने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में अफगानिस्तान को हराया था। इसके बाद उसने अपने दूसरे मुकाबले में सुरेश रैना के शानदार शतक की बदौलत शक्तिशाली दक्षिण अफ्रीका को भी पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।