टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम ने 19.3 ओवरों में 108 रन बनाए। श्रीलंकाई टीम के लिए सलामी बल्लेबाज इनोका गालागेदारा ने सर्वाधिक 25 रनों का योगदान दिया जबकि सुविनी डी एल्विस ने 22 रन जोड़े।
विकेटकीपर बल्लेबाज दिलानी सुरंगिका और सलामी बल्लेबाज देदुनू सिल्वा ने 12-12 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से साना मीर, जावेरिया खान और निदा डार ने दो-दो विकेट हासिल किए।
जवाब में खेलने उतरी पाकिस्तानी टीम 109 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी की अंतिम गेंद पर 107 रन बनाकर आउट हो गई। उसके बल्लेबाजों के बीच का तारतम्य बेहद खराब रहा। इसी का नतीजा था कि पांच बल्लेबाज रन आउट हुए।
पाकिस्तान की ओर से बिस्मा मारूफ ने 42 रनों की उम्दा पारी खेली। 41 गेंदों पर चार चौके लगाने वाली मारूफ को दूसरे छोर पर किसी का साथ नहीं मिला। श्रीलंकाई टीम ने 18 अतिरिक्त रन दिए लेकिन पाकिस्तानी टीम अपने सामने आए मौके को भुना नहीं सकी। मारूफ को 'वुमैन आफ द मैच' चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।