ट्वेंटी-20 विश्व कप : भारत के सामने 170 रनों का लक्ष्य (लीड-4)
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए।
वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान क्रिस गेल ने सबसे ज्यादा 98 रन बनाए। उन्होंने 66 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और सात छक्के लगाए लेकिन शतक बनाने से चूक गए।
टीम का पहला विकेट 80 रन के स्कोर पर शिवनारायण चंद्रपाल के रूप में गिरा। चंद्रपाल 29 गेंद पर 23 रन बनाकर नेहरा की गेंद पर आउट हुए। धौनी को कैच थमाने से पहले उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए। इसके बाद 119 के स्कोर पर सैमी आउट हुए। उन्होंने 10 गेंद पर 19 रन बनाए जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था।
वेस्टइंडीज को तीसरा झटका 160 रन के स्कोर पर लगा जब कीरोन पोलार्ड 11 गेंद पर 17 रन बनाकर आउट हुए इस पारी में उन्होंने दो छक्के लगाए। अंतिम ओवर में वेस्टइंडीज का चौथा विकेट 163 रन के स्कोर पर गिरा जब ड्वेन ब्राओ एक रन बनाकर आउट हुए।
पांचवें विकेट के रूप में राम नरेश सरवन बिना खाता खोले आउट हुए उस समय टीम का स्कोर 164 रन था। छठा विकेट कप्तान क्रिस गेल के रूप में गिरा। वह रन आउट हुए उस समय टीम का स्कोर 165 रन था।
भारत की तरफ से आशीष नेहरा ने 35 रन देकर तीन खिलाड़ियों को आउट किया। वहीं जहीर खान और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला।
पिच गीली होने के कारण मैच आधा घंटा विलंब से शुरू हुआ। टॉस से ठीक पहले अचानक आई बारिश ने पिच को गीला कर दिया था। इसके बावजूद मैच को 20-20 ओवरों का कराने का फैसला किया गया। बारबाडोस में बादलों का डेरा है, इस कारण मैच में आगे भी बारिश की संभावना जताई गई है।
दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला अहम है। दोनों टीमें सुपर-8 दौर में अपना-अपना पहला मैच हार चुकी हैं। भारत को सात मई को आस्ट्रेलिया के हाथों 49 रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।
दूसरी ओर मेजबान टीम को श्रीलंका ने इसी दिन 57 रनों से पराजित किया था। इस लिहाज से सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दोनों टीमों के लिए 'करो या मरो' की स्थिति है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications