टेस्ट मैचों से संन्यास ले चुके बांड ने वेबसाइट 'क्रिक इंफो डॉट कॉम' से बातचीत के दौरान कहा कि क्रिकेट बोर्डो और टीम प्रबंधन को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए क्योंकि इसके कारण आने वाले दिनों में टेस्ट मैचों में स्तरीय तेज गेंदबाजों की कमी हो जाएगी।
बांड ने कहा, "आज की तारीख में इतना अधिक क्रिकेट खेला जा रहा है कि गेंदबाज लगातार चोटिल हो रहे हैं। एक स्तरीय गेंदबाज व्यस्त कार्यक्रम के दौरान पूरे वर्ष बहुत कम मैच खेल पाता है। इसका कारण यह है कि ज्यादा खेलने के कारण वह लगातार चोटिल होता है। हमें इस पर ध्यान देना चाहिए क्योंकि तेज गेंदबाज टेस्ट मैचोंे के लिहाज से अनमोल धरोहर हैं।"
बांड मानते हैं कि टेस्ट खेलने वाले देशों के पास रोटेशन प्रणाली के तहत खिलाड़ियों को आजमाने के ज्यादा मौके नहीं हैं क्योंकि उनके पास स्तरीय अतिरिक्त खिलाड़ियों की कमी है। आस्ट्रेलिया हालांकि इस स्थिति में है।
बांड ने कहा, "आस्ट्रेलियाई टीम के पास अच्छे रिजर्व गेंदबाज हैं। वैसे भी यह टीम हारने से अधिक जीतती है और जीत रहने होने की स्थिति में रोटेशन प्रणाली को बखूबी आजमाया जा सकता है। एक प्रमुख मैच के बाद एक तेज गेंदबाज को कम से कम एक सप्ताह का आराम देना जरूरी हो गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।