टीम इंडिया अब भी नंबर-1 : तेंदुलकर
निर्माण उद्योग की प्रमुख कंपनी जेपी के ब्रांड एंबेस्डर तेंदुलकर ने चण्डीगढ़ से 10 किलोमीटर दूर स्थित जिराकपुर के ब्रिस्टल रेसार्ट में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि विश्व कप से भारतीय टीम की असमय विदाई निराशाजनक है लेकिन यह टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने को कृतसंकल्प है और उनके साथी अपनी गलतियों में सुधार की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ेंगे।
तेंदुलकर ने कहा, "हार से हम सभी दुखी हैं लेकिन यह खेल का हिस्सा है। मैं समझ सकता हूं कि पूरे देश को इससे निराशा हुई है लेकिन मैं जानता हूं कि मेरे साथी इस हार से एक सीख लेकर लौटेंगे। हम अपनी गलतियों में सुधार करेंगे और आने वाले दिनों में बढ़िया प्रदर्शन करेंगे।"
ट्वेंटी-20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके तेंदुलकर ने कहा कि वेस्टइंडीज में दो कमियां उजागर हुई हैं, उनके मुताबिक उनके साथियों को शॉर्ट पिच और बाउंसर गेंदों पर अभ्यास करने की जरूरत है।
तेंदुलकर ने कहा, "शॉर्ट पिच गेंदें और बाउंसर हमारे कई साथियों के लिए कमजोरी बनकर उभरे हैं। हम अपनी तैयारी में इन्हें विशेष तौर पर शामिल करेंगे और आने वाले दिनों में इन गेंदों पर अच्छे स्ट्रोक खेलकर दिखाएंगे।"
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम विश्व कप के सुपर-8 दौर से बाहर हो गई। उसे श्रीलंका के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद अपनी चुनौती गंवानी पड़ी। ग्रुप स्तर में दोनों मैच जीतने वाली भारतीय टीम सुपर-8 दौर में अपने तीनों मैच हार गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications