पाकिस्तानी टीम के एक पूर्व कप्तान पर लगाए गए ये आरोप पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा खिलाड़ियों के खिलाफ जांच के लिए गठित समिति की कार्रवाई की वीडियो फुटेज के माध्यम से सामने आए हैं।
पाकिस्तान के एक टीवी चैनल ने सोमवार रात को समिति की सुनवाई का वीडियो कहीं से हासिल किया और उसे बकायदे प्रसारित भी किया। इस वीडियो से साफ है कि पाकिस्तानी टीम के अधिकांश वरिष्ठ खिलाड़ी मलिक को टीम के लिए एक लिहाज से घातक मानते हैं।
इनमें सबसे आगे अफरीदी और यूसुफ हैं, जिन्होंने समिति के सामने दिए गए बयान में मलिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों ने मलिक को 'नकारात्मक चरित्र वाला एक ऐसा व्यक्ति बताया है, जिसकी परछाई भी टीम के लिए बुरी है।'
वीडियो में समिति के कुछ सदस्यों को मलिक को 'दीमक' कहकर पुकारते सुना गया है। वरिष्ठ खिलाड़ियों का मत है कि मलिक टीम में राजनीति को बढ़ावा देते हैं और पिछले कुछ मैचों में टीम की हार के लिए वही मुख्य रूप से दोषी हैं।
इस वीडियो फुटेज में टीम के पूर्व कोच इंतिखाब आलम और सहायक कोच आकिब जावेद को यहां तक कहते दिखाया गया है कि टीम के कुछ सदस्य मैच फिक्सिंग जैसे संगीन अपराध में संलग्न हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।