सिडनी टेस्ट मैच में रिकी पोंटिंग की टीम ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की थी। यही कारण है कि इस टेस्ट मैच पर सटोरियों की नजर होने की आशंका जताई जा रही है।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा कि उन्होंने मैच फिक्सिंग के आरोपों के बारे में कुछ नहीं सुना है। बकौल प्रवक्ता, "उस मैच को लेकर हमारा नजरिया हमेशा से यही रहा है कि हमने उसमें अपने प्रयासों के बूते जीत हासिल की थी।"
एक पूर्व टेस्ट खिलाड़ी ने समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' से बातचीत के दौरान कहा था कि उन्हें इस मैच के फिक्स होने की आशंका है लेकिन जैसा कि पहले भी होता रहा है, इस आशंका को साबित कर पाना लगभग नामुमकिन है।
सिडनी टेस्ट मैच में पाकिस्तान ने पहली पारी के बाद लगभग 200 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। उस मैच को लेकर सट्टेबाजों में जबरदस्त उत्साह था और इसी का नतीजा हुआ कि 175 रनों के मामूली से दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम 36 रनों से हार गई।
यह तब हुआ जब उसने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए थे। उसके नौ बल्लेबाज 89 रनों पर पेवेलियन लौट गए थे।
उस मैच में पाकिस्तानी विकेटकीपर कामरान अकमल की हरकतों पर सबके कान खड़े हुए। कामरान ने उस मैच की तीसरी पारी में चार कैच छोड़े थे। उन्होंने शेन वॉटसन का कैच उस समय छोड़ा था जब वह 49 रन पर खेल रहे थे। वॉटसन 97 रन बनाकर आउट हुए थे।
सबसे खास बात यह है कि कामरान ने माइकल हसी के तीन कैच उस समय टपकाए जब वह ठीक से जम नहीं पाए थे। हसी ने उस मैच में 134 रन बनाए। उन्होंने पीटर सिडल के साथ 123 रन जोड़े थे।
पाकिस्तानी टीम के पूर्व कोच और प्रबंधक आकिब जावेद ने पीसीबी की जांच समिति को बताया कि उस मैच पर सट्टेबाजों की नजर होने का संदेह है। इस संबंध में उन्होंने जो सबूत वीडियो के तौर पर दिए थे, वे पाकिस्तानी मीडिया को लीक कर दिए।
आकिब ने समिति से कहा कि वह रन आउट को लेकर संदेह कर रहे हैं क्योंकि इस मामले में मैच फिक्सिंग की किसी घटना को साबित कर पाना असंभव है। आकिब ने यह भी कहा कि वह 100 फीसदी गारंटी के साथ यह नहीं कह सकते कि मैच फिक्सिंग वाकई हुई थी लेकिन उन्हें इसका पूरा संदेह है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।