टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अपने करियर का दूसरा शतक लगाने वाले अमला और आठवां शतक लगाने वाले डी विलियर्स की मदद से 48 ओवर तक सीमित किए गए मैच में सात विकेट खोकर 280 रन बनाए।
अमला ने 109 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए जबकि डी विलियर्स ने 101 गेंदों की तेज पारी के दौरान पांच चौके और दो छक्के लगाए। इसके अलावा डेविड मिलर 23 रन बनाकर नाबाद लौटे।
कप्तान ग्रीम स्मिथ (18), जैक्स कैलिस (1), जीन पॉल ड्यूमिनी (15) और जोहान बोथा (3) ने निराश किया। वेस्टइंडीज की ओर से ड्वेन ब्रावो ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए जबकि जेरोम टेलर तथा रवि रामपाल को दो-दो सफलता मिली।
जवाब में खेलने उतरी मेजबान टीम मोर्न मोर्कल (40/3) की अगुआई में दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के आगे 44.1 ओवरों में 215 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। डेल स्टेन, बोथा और रेयान मैक्लॉरेन ने दो-दो विकेट लिए।
वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान क्रिस गेल ने सर्वाधिक 45 रन बनाए जबकि केरेन पोलार्ड ने 44 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा रामनरेश सरवन ने 38 और नरसिंह देवनायारण ने 26 रन जोड़े। आंद्रे फ्लेचर (3) और ड्वैन सैमी (2) ने निराश किया।
अमला को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पांच मैचों की श्रृंखला में मेहमान टीम ने 1-0 की बढ़त बना ली है। इससे पहले खेली गई दो मैचों की ट्वेंटी-20 श्रृंखला में भी दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 2-0 के अंतर से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।