समाचार पत्र 'द गार्जियन' के मुताबिक इस संबंध में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की भ्रष्टाचार निरोधी इकाई और पुलिस को जानकारी दे दी गई है।
हाल ही में एसेक्स काउंटी टीम के दो खिलाड़ियों-मर्लेन वेस्टफील्ड और दानिश कनेरिया को 'अपराध की मंशा के संदेह के आधार पर' गिरफ्तार किया गया था।
इस सप्ताह समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' ने एक भारतीय उद्योगपति द्वारा काउंटी टीम के एक दिग्गज खिलाड़ी को मैच का नतीजा प्रभावित करने को लेकर पैसे देने का प्रस्ताव रखने से जुड़ी खबर प्रकाशित करके सनसनी फैला दी है।
पत्र के मुताबिक उस खिलाड़ी ने दावा किया है कि उसे एक एकदिवसीय मैच का नतीजा प्रभावित करने के लिए पैसा देने का प्रस्ताव मिला था। उस खिलाड़ी के मुताबिक इस संबंध में कई और खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।
ईसीबी ने दावा किया है कि इस घटना में शामिल एक अन्य खिलाड़ी अब सामने आ गया है और उसने कुछ सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
पाकिस्तान के लिए खेलने वाले कनेरिया जमानत पर जेल से निकलकर एसेक्स के लिए खेल रहे हैं लेकिन एसेक्स के कोच पॉल गैरीसन ने दावा किया है कि हालिया खुलासा उनकी टीम के किसी खिलाड़ी से नहीं जुड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।