गिलक्रिस्ट ने हालांकि अपने लंबे करियर के दौरान ऐसी किसी घटना से इंकार किया है लेकिन वह मानते हैं कि यह मानना गलत होगा कि क्रिकेट में मैच फिक्सिंग होती ही नहीं है।
गिलक्रिस्ट इन दिनों फ्रेंड्स प्रोविडेंट ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में हिस्सा लेने इंग्लैंड आए हुए हैं। वह काउंटी क्लब मिडिलसेक्स के लिए इस चैम्पियनशिप में खेलेंगे।
समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' से बातचीत के दौरान गिलक्रिस्ट ने कहा, "मैं यह नहीं कह सकता कि क्रिकेट में मैच फिक्सिंग नहीं होती या नहीं हो रही है क्योंकि यह सट्टेबाजों के लिए सबसे आसान निशाना है। इसका कारण यह है कि सट्टेबाज आसानी से खिलाड़ियों तक पहुंच सकते हैं। इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान भी सट्टेबाजी की चर्चा हो रही है।"
"हम आशा करते हैं कि ऐसा आईपीएल या अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं हो रहा है लेकिन हम इससे पूरी तरह इंकार नहीं कर सकते। जिस स्तर पर खिलाड़ी इन मामलों में फंसते जा रहे हैं, हमें तो बस इसे रोकने के लिए प्रयास करना होगा।"
गिलक्रिस्ट ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में मैच फिक्सिंग या स्पॉट फिक्सिंग का कोई मामला नहीं देखा, जिसके अंतर्गत सट्टेबाज मैच के किसी खास पहलू को प्रभावित करने के लिए संपर्क में आए खिलाड़ी को पैसे दिए हों।
गिलक्रिस्ट ने कहा, "अगर ऐसा कुछ हुआ होता तो मैं इसके बारे में आपको जरूर बताता लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि मेरे करियर के दौरान एक बार भी इस तरह की घटना सामने नहीं आई। इसलिए मैं दावे के साथ कुछ नहीं कह सकता, जबकि ऐसे मामलों में पुख्ता सबूत की जरूरत होती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।