महेंद्र सिंह धौनी की कप्तान के तौर पर वापसी हुई है जबकि सुरेश रैना की कप्तानी में जिंबाब्वे में जारी त्रिकोणीय श्रृंखला में खराब प्रदर्शन करने वाले यूसुफ पठान और ट्वेंटी-20 विश्व कप में निराश करने वाले युवराज सिंह को इस टीम में जगह नहीं दी गई है।
बीसीसीआई ने सचिन तेंदुलकर के एशिया कप के दौरान आराम करने के अनुरोध को भी स्वीकार कर लिया है। एशिया कप में भारत के अलावा श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी।
तेंदुलकर ने जिंबाब्वे में जारी त्रिकोणीय श्रृंखला से भी दूर रहने का फैसला किया था। इस श्रृंखला से भारतीय टीम पहले ही बाहर हो चुकी है। श्रृंखला का फाइनल जिंबाब्वे और श्रीलंका के बीच नौ जून को खेला जाएगा।
बीसीसीआई ने इस श्रृंखला के लिए रैना की कप्तानी में प्रयोग के तौर पर एक युवा टीम जिंबाब्वे भेजी थी लेकिन वह वहां अपने चार में से तीन मैच गंवा बैठी और फाइनल में भी जगह नहीं बना सकी।
भारतीय टीम में वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, हरभजन सिंह, जहीर खान, प्रवीण कुमार और आशीष नेहरा की वापसी हुई है। मुंबई इंडियंस के लिए इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने वाले आक्रामक बल्लेबाज सौरव तिवारी इस टीम में नया चेहरा हैं।
जिंबाब्वे दौरे में अच्छा प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज अशोक ढिंढा और स्पिनर प्रज्ञान ओझा को टीम में जगह दी गई है लेकिन निराश करने वाले स्पिनर अमित मिश्रा और तेज गेंदबाज उमेश यादव को टीम से बाहर रखा गया है।
टीम इस प्रकार है : महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, विराट कोहली, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा, हरभजन सिंह, प्रवीण कुमार, जहीर खान, आशीष नेहरा, प्रज्ञान ओझा, अशोक ढिंढा, आर. अश्विन और सौरव तिवारी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*