चेन्नई। भारत की सर्वोच्च वरीय महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल योनेक्स-सनराइज इंडियन ओपन ग्रां पी बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई हैं लेकिन पुरुषों में सर्वोच्च वरीय चेतन आनंद को बाहर का रास्ता देखना पड़ा है।
आनंद को शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के गैरवरीय खिलाड़ी अलामासयाह यूनुस ने 16-21, 21-12, 21-13 से हराया। यूनुस ने विश्व के 21वें वरीय खिलाड़ी आनंद को 51 मिनट में पराजित किया। रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में उनका सामना सातवें वरीय गुरु साई दत्त से होगा। दत्त ने शनिवार को तीसरे वरीय खिलाड़ी पुरुपल्ली कश्यप को कड़े मुकाबले के बाद 21-6, 17-21, 21-15 से हराया।
महिलाओं में सर्वोच्च वरीय और विश्व की छठी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सायना ने सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की खिलाड़ी अर्पिलिला युसवांडदारी को 21-17, 21-11 से पराजित किया। वह एकल वर्ग के फाइनल में मलेशिया की मेउ चू वोंग से भिड़ेंगी। वोंग ने शनिवार को इंडोनेशिया की खिलाड़ी लिंडा वेनी फेंटेरी को 22-20, 21-17 के अंतर से पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।