फीफा विश्व कप : अर्जेटीना ने नाइजीरिया को 1-0 से हराया (लीड-2)
इस वर्ष खिताब का प्रबल दावेदार मानी जा रही विजेता टीम मध्यांतर तक 1-0 से आगे थी। डिएगो मैराडोना की देखरेख में खेल रही अर्जेटीना की टीम के लिए मैच का एकमात्र गोल छठे मिनट में हुआ।
अनुभवी मिडफील्डर जुआन वेरॉन द्वारा लिए गए कार्नर पर तेज तर्रार डिफेंडर गैब्रिएल हेइंज ने हेडर के जरिए एक बेहतरीन गोल किया। पहले गोल के बाद अर्जेटीना खेमे की खुशी देखने लायक थी।
कोच मैराडोना ने इस पल का जमकर लुत्फ उठाया। वह काफी खुश नजर आए। स्टेडियम में मौजूद हजारों अर्जेटीना प्रशंसक भी टीम की इस खुशी पर झूमते नजर आए।
पूरे मैच के दौरान अर्जेटीना के तेजतर्रार खिलाड़ी नाइजीरियाई खिलाड़ियों पर हावी दिखे। यही कारण था कि अर्जेटीना ने 10 कार्नर हासिल किए जबकि नाइजीरिया की टीम सिर्फ चार कार्नर ही हासिल कर सकी।
मैच के दौरान 58 फीसदी समय तक गेंद अर्जेटीना के खिलाड़ियों के पास रही और इस दौरान उन्होंने 20 से अधिक मौकों पर नाइजीरियाई गोलपोस्ट पर धावा बोला। इस क्रम में अर्जेटीना के स्टार स्ट्राइकर दो मौकों पर बहुत कम अंतर से गोल करने से चूके।
फीफा विश्व कप में अर्जेटीना की टीम लगातार तीसरी बार अपना पहला ग्रुप मैच नाइजीरिया के साथ खेल रही थी। वर्ष 2002 और 2006 में भी उसने अपने अभियान की शुरुआत नाइजीरिया को हराकर की थी। अर्जेटीना ने पहला मैच 1-0 से और दूसरा मैच 2-1 से जीता था। इस तरह अर्जेटीना ने नाइजीरिया के खिलाफ उद्घाटन मुकाबले में जीत की हैट्रिक बनाई।
बहरहाल, इस दिन पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए ग्रुप-बी के पहले मुकाबले में दक्षिण कोरियाई टीम ने ग्रीस को 2-0 से हराकर पहली जीत दर्ज की। इस विश्व कप में दक्षिण कोरिया के लिए पहला गोल डिफेंडर ली जुंग शू ने किया।
दूसरा गोल, मैनचेस्टर युनाइटेड के लिए खेलने वाले स्टार स्ट्राइकर और कप्तान पार्क जी सुंग ने 52वें मिनट में दागा। दिन का तीसरा मुकाबला ग्रुप-सी के अंतर्गत इंग्लैंड और अमेरिका के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें 60 वर्ष के अंतराल के बाद विश्व कप में आमने-सामने होंगी।
विश्व कप के पहले दिन खेले गए दो मुकाबले बराबरी पर छूटे थे। पहले मैच में मेक्सिको ने मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 1-1 की बराबरी पर रोका था जबकि दूसरे मुकाबले में दक्षिण अमेरिकी देश उरुग्वे ने फ्रांस को गोलरहित बराबरी पर रोक दिया था।
11 जून से शुरू हुए विश्व कप में कुल 32 टीमें शिरकत कर रही हैं। विश्व कप का फाइनल 11 जुलाई को खेला जाएगा। इसके मैच नौ आयोजन स्थलों में स्थित 10 स्टेडियमों में खेले जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications