Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

फीफा विश्व कप : घाना और स्लोवेनिया की बड़ी जीत (राउंडअप)

अफ्रीकी देश घाना ने त्श्वाने/प्रीटोरिया के लोफ्ट्स वर्सफील्ड स्टेडियम में रविवार को खेले गए ग्रुप-डी मुकाबले में सर्बिया को 1-0 से हराया। इस विश्व कप की सबसे युवा टीम घाना की ओर से मैच का एकमात्र गोल फ्रांस के रेनेस क्लब के लिए खेलने वाले फारवर्ड खिलाड़ी असामोह ग्यान ने 85वें मिनट में किया।

यह गोल पेनाल्टी के माध्यम से किया गया। ग्यान को मैन आफ द मैच चुना गया। इस जीत ने घाना को ग्रुप-डी में पहले स्थान पर पहुंचा दिया है। इस ग्रुप का दूसरा मैच रविवार को ही आस्ट्रेलिया और जर्मनी के बीच खेला जाएगा। ग्यान द्वारा किए गए गोल के साथ ही घाना के प्रशंसकों की खुशी देखने लायक थी।

दूसरी ओर, अपनी टीम की बड़ी जीत की उम्मीद लगाए सर्बिया के प्रशंसक निराशा के समुद्र में डूबते नजर आए। घाना ने अपनी प्रतिष्ठा के विपरीत सर्बिया को कड़ी टक्कर दी। यही कारण था कि मध्यांतर तक सर्बियाई टीम एक भी गोल नहीं कर सकी थी।

विश्व कप में दोनों टीमों की यह पहली भिड़ंत थी। घाना की टीम दूसरी बार विश्व कप में हिस्सा ले रही है। उसने 2006 में जर्मनी में आयोजित 18वें संस्करण में शिरकत की थी। दक्षिण अफ्रीका पहुंचने से पहले घाना की टीम ने सीएएफ अफ्रीका कप का फाइनल खेला था। वह मिस्र के हाथों 0-1 से हार गई थी।

घाना की विशेषता यह है कि उसकी टीम इस विश्व कप की सबसे युवा टीम है। उसके खिलाड़ियों की औसत उम्र 24 वर्ष है। दूसरी ओर, एक स्वतंत्र राष्ट्र के तौर पर सर्बिया पहली बार विश्व कप में खेल रहा है। उसने यूगोस्लाविया के साथ 1930 से 2002 के बीच कुल नौ बार और सर्बिया-मोंटेनेग्रो के तौर पर, वर्ष 2006 में जर्मनी में एक बार विश्व कप में हिस्सा लिया है।

इस मैच से ठीक पहले, दूसरी बार विश्व कप में खेल रहे यूरोपीय देश स्लोवेनिया ने पोलोक्वे के पीटर मोकाबा स्टेडियम में अल्जीरिया को 1-0 से चौंकाया। दोनों टीमें मध्यांतर से पहले के 45 मिनट और फिर आगे के 34 मिनट तक गोल करने के लिए जोर-आजमाइश करती रहीं। इस रस्साकसी में अंतत: 79वें मिनट में स्लोवेनिया को पहली सफलता मिली।

राबर्ट कोरेन ने एक शानदार गोल करते हुए अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। स्लोवेनिया के लिए यह बड़ी सफलता थी जबकि अच्छा खेल दिखा रही अल्जीरिया की टीम के लिए यह भारी निराशा का वक्त था। कोरेन को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

अल्जीरिया और स्लोवेनिया की टीमें फीफा विश्व कप में पहली बार आमने-सामने थीं और इस मुकाबले में दूसरी बार विश्व कप में खेल रही स्लोवेनिया की टीम ने बाजी मार ली। इसके साथ स्लोवेनिया की टीम तीन अंकों के साथ ग्रुप-सी में शीर्ष पर पहुंच गई है।

शनिवार को इस ग्रुप के अंतर्गत इंग्लैंड और अमेरिका के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा था। दोनों टीमों को अंक बांटना पड़ा था। दोनों टीमों के एक-एक अंक हैं जबकि अल्जीरिया का खाता नहीं खुल सका है।

अल्जीरिया इससे पहले 1982 और 1986 में तथा स्लोवेनिया 2002 में फीफा विश्व कप खेल चुका है। फीफा रैंकिंग में अल्जीरिया 30वीं और स्लोवेनिया 25वीं वरीय टीम है। 11 जून से शुरू हुए विश्व कप में कुल 32 टीमें शिरकत कर रही हैं। विश्व कप का फाइनल 11 जुलाई को खेला जाएगा। इसके मैच नौ आयोजन स्थलों में स्थित 10 स्टेडियमों में खेले जाएंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:38 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+