एशिया कप : पाकिस्तान ने 5 विकेट गंवाए (लीड-6)
पाकिस्तान ने 32 रन के कुल योग पर ही अपने चार विकेट गंवा दिए लेकिन इसके बाद उमर अकमल (30) और कप्तान शाहिद अफरीदी (नाबाद 43) ने उसे बेहतर स्थिति में पहुंचा। इसी बीच उमर भी पेवेलियन लौट गए। वह रन आउट हुए।
उमर और अफरीदी ने पांचवें विकेट के लिए 73 रन जोड़े। पाकिस्तानी टीम ने 25 ओवरों की समाप्ति तक पांच विकेट खोकर 107 रन बना लिए हैं। अफरीदी ने 30 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और चार छक्के लगाए हैं। नए बल्लेबाज कामरान अकमल ने एक रन बनाया है।
पाकिस्तान ने सलामी बल्लेबाज और उपकप्तान सलमान बट्ट (0), शाहजैब हसन (11), उमर अमीन (7) और शोएब मलिक (8) के विकेट गंवाए हैं। श्रीलंका की ओर से लसिथ मलिंगा और एंजेलो मैथ्यूज ने दो-दो विकेट चटकाए हैं।
इससे पूर्व, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति के बाद नौ विकेट खोकर 242 रन बनाए। श्रीलंका के लिए पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने ने सर्वाधिक 54 रनों का योगदान दिया जबकि एंजेलो मैथ्यूज 55 रन बनाकर नाबाद लौटे। कप्तान कुमार संगकारा ने भी 42 रन बनाए।
जयवर्धने ने 64 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके लगाए जबकि संगकारा ने 63 गेंदों पर चार चौके जड़े। 36 रन के कुल योग पर दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट गिरने के बाद इन दो वरिष्ठ बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 83 रन जोड़े।
मैथ्यूज ने 61 गेंदों की अपनी उपयोगी पारी के दौरान चार बार गेंद को सीमा रेखा के बाहर भेजा। इस दौरान उन्होंने मलिंगा (16) और नुवान कुलसेकरा (14) के साथ छोटी किंतु उपयोगी साझेदारी निभाई। मैथ्यूज ने कुलसेकरा के साथ 43 और मलिंगा के साथ 28 रन जोड़े।
पाकिस्तान की ओर से लंबे समय बाद टीम में लौटे तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने सर्वाधिक तीन विकेट अपनी झोली में डाले जबकि मोहम्मद आमेर को दो सफलता मिली। इसके अलावा मोहम्मद आसिफ, अब्दुर रज्जाक, शाहिद अफरीदी और शोएब मलिक ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जिंबाब्वे में हाल में आयोजित त्रिकोणीय श्रृंखला जीतने वाली श्रीलंकाई टीम ऊंचे मनोबल के साथ मैदान में उतरी है। इस टीम में हरफनमौला खिलाड़ी फरवेज महरूफ और तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा की वापसी हुई है।
दूसरी ओर, पाकिस्तानी टीम पहली बार किसी एकदिवसीय टूर्नामेंट में अफरीदी की कप्तानी में खेल रही है। पाकिस्तानी टीम में तेज गेंदबाज अख्तर की वापसी हुई है। अख्तर लगभग एक वर्ष के बाद कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं।
15 से 24 जून तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश और भारत की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और बांग्लादेश की कमान सकीबुल हसन के हाथों में है। टूर्नामेंट के सभी मैच दाम्बुला में ही खेले जाने हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications