फीफा विश्व कप : यूरोपीयन चैम्पियन स्पेन की चौंकाने वाली हार (लीड-2)
इस विश्व कप का यह अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर है। स्विट्जरलैंड के लिए बुधवार का दिन इतिहास में दर्ज हो गया क्योंकि उसने खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही स्पेन की टीम के खिलाफ पहली बार कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच जीता है। स्विट्जरलैंड ने 18 मैचों के बाद स्पेन को हराने में सफलता हासिल की है।
मध्यांतर तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकी थीं लेकिन उसके बाद स्विट्जरलैंड की टीम मानो बढ़त बनाने का फैसला करके मैदान में उतरी। शुरुआती नौ मिनटों तक स्पेन के खिलाड़ी ही गेंद को अपने कब्जे में लिए रहे।
जैसे ही गेंद उनके कब्जे से छूटी स्विट्जरलैंड के मिडफील्डर गेल्सन फर्नाडेज ने गेंद को स्पेन के पाले में डालकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। फ्रांस के क्लब सेंट इटेने के लिए पेशेवर फुटबाल खेलने वाले फर्नाडेज ने 25वें अंतर्राष्ट्रीय मैच में खेलते हुए दूसरा गोल किया। फर्नाडेज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दरअसल, फर्नाडेज ने अपनी टीम के खिलाड़ी इरेन डेर्डियोक और स्पेनी कप्तान लिकेर कासीलास के बीच हुई गुत्थम-गुत्थी का फायदा उठाते हुए गेंद को स्पेनी पाले में डालने में सफलता हासिल की।
इस तरह बीते 28 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में 27 जीत हासिल करने वाली स्पेन की टीम को लगभग एक वर्ष के बाद हार मिली है। उसे 2009 कनफेडरेशन कप के दौरान अमेरिका ने 2-0 से पराजित किया था।
स्पेन की टीम ने विश्व कप के ग्रुप स्तर में लगातार सात बार जीत हासिल की थी लेकिन स्विट्जरलैंड ने उसके इस रिकार्ड पर विराम लगा दिया। यही नहीं, स्पेन की टीम किसी यूरोपीय टीम के खिलाफ 38वें मैच में हारी है।
उसने पिछले 19 मुकाबलों में यूरोपीय टीमों को लगातार पराजित किया था। किसी यूरोपीय टीम के खिलाफ स्पेन को इससे पहले नवंबर 2006 में हार मिली थी, जब रूमानिया ने उसे 2-0 से पराजित किया था।
यूरोपीयन चैम्पियन स्पेन के लिए यह चिंता का विषय रहा कि 68 फीसदी समय के दौरान गेंद अपने पक्ष में रखने के बावजूद वह एक भी गोल नहीं कर सका। इससे जाहिर होता है कि स्विट्जरलैंड की रक्षापंक्ति ने इस मैच के लिए किस स्तर की तैयारी की थी।
बुधवार को खेले गए इस ग्रुप के पहले मुकाबले में दक्षिण अमेरिकी देश चिली ने मध्य अमेरिकी देश होंडुरास को 1-0 से पराजित किया। एक-एक जीत के साथ स्विट्जरलैंड और चिली की टीमें अपने ग्रुप में पहले स्थान पर पहुंच गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications