फीफा विश्व कप : उरुग्वे को मध्यांतर तक 1-0 की बढ़त (लीड-2)
उरुग्वे ने 43वें मिनट में अपना पहला गोल किया। उसके लिए यह गोल फारवर्ड खिलाड़ी लुइस सुआरेज ने किया। मध्यांतर तक के खेल के दौरान 58 फीसदी समय तक गेंद मेक्सिको के पास रही लेकिन इसके बावजूद उरुग्वे की टीम ने गोल करने का मौका तलाश लिया।
सबसे खास बात यह है कि शुरुआती 45 मिनट में दोनों टीमों ने काफी साफ-सुथरा खेल दिखाया। दोनों टीमों के किसी भी खिलाड़ी को पीला या अन्य किसी प्रकार का कार्ड नहीं दिखाया गया।
मेक्सिको के खिलाड़ियों ने कुल 11 फाउल किए जबकि उरुग्वे ने सिर्फ पांच फाउल किए। उरुग्वे की टीम ने दो मौकों पर गोलपोस्ट पर जोरदार हमला किया जिसमें से एक में उसे सफलता भी मिली।
दोनों टीमों का यह तीसरा मैच है। उरुग्वे ने अपने पहले मैच में फ्रांस को गोलरहित बराबरी पर रोका था जबकि दूसरे मुकाबले में उसने दक्षिण अफ्रीका को 3-0 से पराजित किया था।
दूसरी ओर, मेक्सिको की टीम ने अपने पहले मुकाबले में मेजबान टीम को 1-1 की बराबरी पर रोका था जबकि दूसरे मुकाबले में उसने फ्रांस को 2-0 से पराजित करके पूरे अंक हासिल किए थे।
ग्रुप-ए में दोनों टीमों ने चार-चार अंक हासिल किए हैं। तालिका में उरुग्वे की टीम पहले स्थान पर है क्योंकि उसने दूसरी टीमों के खिलाफ तीन गोल किए हैं और अपने खिलाफ एक भी गोल नहीं होने दिया है।
मेक्सिको की टीम इस तालिका में दूसरे स्थान पर है। उसने दूसरी टीमों के खिलाफ तीन गोल किए हैं जबकि उसके खिलाफ एक गोल हुआ है। फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका ने एक-एक ड्रॉ से इतने ही अंक जुटाए हैं।
मंगलवार को ग्रुप-ए के अंतर्गत दो मुकाबले अलग-अलग मैदानों पर एक साथ खेले जा रहे हैं। मेक्सिको और उरुग्वे की टीमों का अंतिम-16 में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।
फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका को भी बड़ी जीत के लिए जोर लगाना होगा क्योंकि जीत से मिले तीन अंकों के साथ इनमें से किसी एक टीम के चार अंक हो जाएंगे।
बड़ी जीत की सूरत में कोई एक टीम मंगलवार को पहले मैच में हारने वाली टीम को पीछे छोड़कर अंतिम-16 में पहुंच सकती है लेकिन उसके लिए जरूरी यह है कि मेक्सिको और उरुग्वे का मैच बराबरी पर न छूटे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications