हॉकी इंडिया (एचआई) ने अपने बयान में कहा कि भारतीय टीम 2-4 जुलाई तक जर्मनी में खेले जाने वाले चार देशों के टूर्नामेंट में शिरकत करेगी। इस के लिए वह शनिवार को नई दिल्ली से उड़ान भरेगी। इस टूर्नामेंट में हॉलैंड और जापान की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं।
भारतीय टीम बेल्जियम और फ्रांस के खिलाफ 5-20 जुलाई के बीच तीन-तीन टेस्ट मैच खेलेगी। इसके बाद भारतीय टीम 24 और 25 जुलाई को हॉलैंड की टीम के साथ दो टेस्ट मैच खेलेगी।
इसके बाद भारतीय टीम को बेल्जियम, फ्रांस और हॉलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला खेलनी है। इस दौरे के लिए 22 सदस्यीय टीम का चयन पिछले हफ्ते किया गया था।
इस टीम में पूर्व कप्तान संदीप सिंह की वापसी हुई है जबकि पंजाब नेशनल बैंक के लिए खेलने वाले पटना के युवा खिलाड़ी अजितेश रॉय और वीरेंद्र लाकरा (जूनियर) नया चेहरा हैं। संदीप को सुल्तान अजलान शाह कप जीतने वाली टीम में शामिल नहीं किया गया था।
टीम में स्टार खिलाड़ी अर्जुन हलप्पा और शिवेंद्र सिंह को शामिल नहीं किया गया है। शिवेंद्र टखने की चोट से परेशान हैं जबकि अर्जुन को आराम दिया गया है। शिवेंद्र और अर्जुन ने सुल्तान अलजान शाह कप में टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
कनाडा दौरे में टीम में शामिल रहे हरि प्रसाद एक बार फिर वापसी करने में सफल रहे हैं। इसके अलावा आमिर खान और पंजाब के लिए खेलने वाले धरमवीर सिंह को भी टीम में जगह दी गई है। राजपाल सिंह को टीम का कप्तान बनाए रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।