सुपर सायना ने जीता 3 सप्ताह में तीसरा खिताब (लीड-3)
विश्व की तीसरी वरीय खिलाड़ी सायना ने न सिर्फ इंडोनेशियन ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब अपने पास रखा बल्कि पिछले 21 दिनों में लगातार तीसरी खिताबी जीत हासिल की।
सायना ने भारत में आयोजित इंडियन ओपन ग्रां पी और सिंगापुर में इसी महीने आयोजित सिंगापुर सुपर सीरीज खिताब जीता था। सायना ने 2009 में इंडोनेशियन ओपन का खिताब जीता था। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय बनीं थीं।
बहरहाल, सायना ने रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में जापान की खिलाड़ी सायका सातो को 45 मिनट के भीतर 21-19, 13-21, 21-11 से पराजित कर अपना खिताब बरकरार रखा। सातो विश्व की 26वीं वरीय महिला खिलाड़ी हैं। इस प्रतियोगिता के लिए सायना को सर्वोच्च वरीयता दी गई थी।
सायना ने इसी सप्ताह विश्व की तीसरी वरीय खिलाड़ी होने का गौरव हासिल किया था। सिंगापुर ओपन में शानदार प्रदर्शन के बाद सायना ने तीन स्थान की छलांग लगाते हुए अपनी अब तक की सर्वोच्च वरीयता हासिल की है।
इस क्रम में सायना ने तीन चीनी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा था। इस सप्ताह जारी होने वाले वरीयता क्रम में सायना के दूसरे क्रम पर पहुंच जाने की उम्मीद है। चीन की खिलाड़ी वांग यिहान विश्व की सर्वोच्च वरीय महिला खिलाड़ी हैं।
सायना ने साबित कर दिया है कि अनुशासित और नियमित अभ्यास के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। यिहान सहित कई वरीय खिलाड़ी इंडोनेशिया ओपन में इस वर्ष नहीं खेले लेकिन इसके बावजूद सायना के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।
खिताबी जीत ने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों और 2012 में लंदन में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिहाज से सायना को भारत की सबसे बड़ी उम्मीद के तौर पर पेश किया है। सायना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीजिंग ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications