धौनी के बाराती बनने देहरादून पहुंचे जॉन और पीयूष (लीड-1)
देहरादून से 40 किलोमीटर दूर एक फार्महाउस में यह विवाह समारोह आयोजित होगा। इस विवाह में जॉन और पीयूष के अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के कई प्रमुख सदस्यों और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के आला अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है।
ऐसा माना जा रहा है कि सुरेश रैना, रुद्र प्रताप सिंह, आशीष नेहरा और हरभजन सिंह जैसे शीर्ष क्रिकेटर इस विवाह में धौनी के बाराती होंगे लेकिन सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग किन्ही कारणों से देहरादून नहीं पहुंच सकेंगे।
धौनी ने शनिवार रात को साक्षी के साथ सगाई की थी। सगाई की रस्म देहरादून के विश्रांति रेजार्ट में ही निभाई गई थी। साक्षी होटल प्रबंधन की छात्रा हैं और धौनी के साथ दो वर्ष से दोस्ती रही है। मीडिया को हालांकि इसकी भनक शनिवार को ही लगी, जब धौनी के परिजनों, खासतौर पर उनकी बहन ने सगाई की पुष्टि की।
देहरादून में होने वाले वैवाहिक समारोह के बाद धौनी और उनकी पत्नी संभवत: सात जुलाई को मुंबई में पार्टी देंगे। इस पार्टी में भी बड़ी संख्या में विशिष्ट जनों के शरीक होने की खबर है। इसी दिन धौनी का जन्मदिन भी है। धौनी को सात की संख्या से विशेष लगाव है।
जॉन और पीयूष के धौनी के बाराती बनने की पुष्टि जॉन की प्रेमिका और फिल्म अभिनेत्री बिपाशा बसु ने 'ट्विटर' के जरिए साझा की। बिपाशा ने अपने संदेश में धौनी और साक्षी को विवाह की शुभकामनाएं भी दी हैं।
बिपाशा ने अपनी टिप्पणी में लिखा है, "माही और साक्षी जीवन भर खुशी-खुशी साथ-साथ रहें। मैं दुखी हूं कि मैं इस शादी में शरीक नहीं हो सकी।"
बिपाशा के अलावा अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने भी धौनी को शादी की बधाई दी है। शिल्पा की टिप्पणी, "माही और साक्षी को मेरी बधाई। मैं आपके जन्म-जन्म के बंधन के लिए ईश्वर से प्रार्थना करुं गी।"
दिसंबर 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अपना अंतर्राष्ट्रीय करियर शुरू करने वाले धौनी बहुत कम समय में देश के सबसे लोकप्रिय क्रिकेट खिलाड़ी बन गए। तीन वर्ष के भीतर उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी भी मिल गई और आज वह विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकदिवसीय बल्लेबाज हैं।
धौनी ने भारत के लिए अब तक 43 टेस्ट मैच, 166 एकदिवसीय मैच और 25 ट्वेंटी-20 मैच खेले हैं। धौनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2007 ट्वेंटी-20 विश्व कप खिताब जीता था। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने आस्ट्रेलिया सहित लगभग सभी टेस्ट खेलने वाली टीमों को पराजित किया है।
यह धौनी की कप्तानी का ही कमाल है कि भारतीय टीम को टेस्ट रैंकिंग में सर्वोच्च मुकाम मिला। यही नहीं उनकी कप्तानी में एकदिवसीय टीम दूसरे वरीयता तक पहुंची। इन तमाम उपलब्धियों के कारण धौनी को वर्ष 2009 में देश के सर्वोच्च खेल सम्मान-राजीव गांधी खेल रत्न से और पद्मश्री से नवाजा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications