यह मैच इस दिग्गज खिलाड़ी के लिए यादगार बन गया क्योंकि उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए दो गोल लगाए और अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया। 2006 में गोल्डन बूट पुरस्कार जीतने वाले क्लोज ने मैच के 68वें और 89वें मिनट में अपनी टीम के लिए योगदान दिया।
इससे पहले सिर्फ आठ जर्मन खिलाड़ियों ने अपने देश के लिए 100 या उससे अधिक मैच खेले थे। इनमें से तीन ऐसे हैं, जिन्होंने पूर्वी जर्मनी के लिए खेलते हुए यह मुकाम हासिल किया। जर्मनी के लिए सर्वाधिक मैच खेलने का रिकार्ड लोथार मैथ्यूज के नाम है। मैथ्यूज ने अपने देश के लिए 150 मैच खेले हैं।
जर्मनी के दिग्गज फुटबाल क्लब बेयर्न म्यूनिख के लिए पेशेवर तौर पर खेलने वाले क्लोज ने इस विश्व कप में अब तक चार गोल किए हैं। इसके साथ विश्व कप में उनके कुल गोलों की संख्या 14 हो चुकी है। वर्ष 2006 में सर्वाधिक पांच गोल करने वाले क्लोज अपने देश के लिए विश्व कप में सर्वाधिक 14 गोल करने के गर्ड मुलर के रिकार्ड की बराबरी कर चुके हैं।
विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने का रिकार्ड ब्राजील के रोनाल्डो (15) के नाम है। इसके बाद मुलर का नाम आता है जबकि क्लोज तीसरे स्थान पर हैं। जोएकिम लो की टीम में क्लोज सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। वह 32 वर्ष के हैं और 1934 के बाद से जर्मनी की सबसे युवा टीम के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के तौर पर विश्व कप में हिस्सा ले रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।