धौनी ने कॉलेज की दोस्त से रचाई शादी (लीड-3)
एक उच्च पदस्थ सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि शादी के लिए रविवार रात 8.35 का मुहूर्त राज्यस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी की नेता वसुंधरा राजे सिंधिया के कंट्रीविला फार्महाउस पर संपन्न होना तय हुआ था।
शादी के मुहुर्त से लगभग आधा घंटा पहले धौनी घोड़े पर सवार होकर अन्य अतिथियों के साथ लगभग आधा किलोमीटर चल कर शादी स्थल पर पहुंचे। इन अतिथियों में हरभजन सिंह, आशीष नेहरा, रुद्र प्रताप सिंह और फिल्म कलाकार जॉन अब्राहम शामिल थे।
जॉन अब्राहम धौनी की टीम के सदस्य पीयूष चावला के साथ धौनी की शादी में शामिल होने के लिए रविवार तड़के देहरादून पहुंच गए थे। जॉन अब्राहम की दोस्त बिपाशा बसु ने ट्विटर पर वर-वधु को बधाई दी।
बिपाशा ने लिखा है, "माही और साक्षी का जोड़ा लंबे समय तक सलामत रहे, इसके लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मुझे दुख है कि मैं वहां उपस्थित नहीं हो सकी।"
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव और चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन.श्रीनिवासन भी शादी समारोह में उपस्थित थे।
साक्षी होटल प्रबंधन की छात्रा हैं और धौनी के साथ उनकी लंबे समय से दोस्ती रही है। मीडिया को हालांकि इसकी भनक शनिवार को ही लगी, जब धौनी के परिजनों, खासतौर पर उनकी बहन ने सगाई की पुष्टि की थी।
धौनी ने पिछले दो वर्षों में देहरादून और मसूरी का कई बार चक्कर लगाया था। साक्षी के पिता और धौनी के पिता रांची में एक साथ काम किया करते थे। साक्षी के दादा सेवानिवृत्त क्षेत्रीय वन अधिकारी हैं और वह देहरादून में ही रहते हैं।
देहरादून में होने वाले वैवाहिक समारोह के बाद धौनी और उनकी पत्नी संभवत: सात जुलाई को मुंबई में पार्टी देंगे। इस पार्टी में भी बड़ी संख्या में विशिष्ट जनों के शरीक होने की खबर है। इसी दिन धौनी का जन्मदिन भी है। धौनी को सात की संख्या से विशेष लगाव है।
दिसंबर 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अपना अंतर्राष्ट्रीय करियर शुरू करने वाले धौनी बहुत कम समय में देश के सबसे लोकप्रिय क्रिकेट खिलाड़ी बन गए। तीन वर्ष के भीतर उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी भी मिल गई और आज वह विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकदिवसीय बल्लेबाज हैं।
धौनी ने भारत के लिए अब तक 43 टेस्ट मैच, 166 एकदिवसीय मैच और 25 ट्वेंटी-20 मैच खेले हैं। धौनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2007 ट्वेंटी-20 विश्व कप खिताब जीता था। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने आस्ट्रेलिया सहित लगभग सभी टेस्ट खेलने वाली टीमों को पराजित किया है।
यह धौनी की कप्तानी का ही कमाल है कि भारतीय टीम को टेस्ट रैंकिंग में सर्वोच्च मुकाम मिला। यही नहीं उनकी कप्तानी में एकदिवसीय टीम दूसरे वरीयता तक पहुंची। इन तमाम उपलब्धियों के कारण धौनी को वर्ष 2009 में देश के सर्वोच्च खेल सम्मान-राजीव गांधी खेल रत्न से और पद्मश्री से नवाजा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications