फीफा विश्व कप : स्पेन और जर्मनी में होगी श्रेष्ठता की जंग
स्पेन यूरोपीयन चैम्पियन है। उसने 2008 में जर्मनी को हराकर ही यूरो कप खिताब जीता था। यह अलग बात है कि स्पेन की टीम ने अब तक एक बार भी फीफा विश्व कप खिताब नहीं जीता है जबकि जर्मनी की टीम अब तक तीन बार इस खिताब पर कब्जा कर चुकी है।
अब तक के प्रदर्शन के लिहाज से विशेषज्ञ जर्मनी को इस मैच का विजेता मान रहे हैं लेकिन स्पेन की टीम को कमतर आंकना जर्मनी के लिए भूल हो सकती है क्योंकि वह अभी शानदार फार्म में है।
ग्रुप स्तर में जर्मनी ने दो मैच जीते थे जबकि सर्बिया के खिलाफ उसे चौंकाने वाली हार मिली थी। उसने आस्ट्रेलिया को 4-0 से और घाना को 1-0 से हराया था लेकिन सर्बिया ने उसे 1-0 से पराजित किया था।
ग्रुप स्तर में स्पेन को भी ऐसे ही नतीजे से दो-चार होना पड़ा था। उसे पहले मैच में स्विट्जरलैंड के हाथों 0-1 से हार मिली थी जबकि उसने अपने दूसरे मैच में होंडूरास को 2-0 से और तीसरे मैच में चिली को 2-1 से पराजित किया था।
स्पेन की टीम ने डेविड विला के शानदार गोल की मदद से जहां नॉकआउट दौर में पुर्तगाल को 1-0 से पराजित किया था वहीं क्वार्टर फाइनल में उसने पराग्वे को भी इसी अंतर से हराया था। इस मैच में भी विला ही स्पेन के हीरो रहे थे।
जर्मनी ने अंतिम-16 दौर में इंग्लैंड को 4-1 से पराजित किया था। रेफरियों की गलती के कारण यह मैच हालांकि थोड़ा विवादित रहा लेकिन बड़े अंतर की जीत के साथ जर्मनी आखिरकार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहा।
इसके बाद उसने दक्षिण अमेरिकी पावरहाउस अर्जेटीना पर 4-0 से बड़ी जीत दर्ज की थी। इस मैच में मिलर के अलावा मिरोस्लाव क्लोज ने अपना सौवां मैच खेलते हुए दो गोल किए थे।
विशेषज्ञों की तरह अधिकांश जर्मनीवासी भी मानते हैं कि उनके देश की टीम स्पेन को हराकर न सिर्फ फाइनल में पहुंचेगी बल्कि अपना शानदार सफर जारी रखते हुए खिताबी जीत भी हासिल करेगी।
जर्मनी की मशहूर पत्रिका 'किकर स्पोर्ट्स' और 'बिल्ड' द्वारा कराए गए ऑनलाइन सर्वेक्षण में कहा गया है कि अधिकांश जर्मनीवासी यही मानते हैं कि जोएकिम लोउ की टीम खिताब जीतने में सफल रहेगी।
सर्वेक्षण की रिपोर्ट की तरह स्पेन के खिलाड़ियों का भी कहना है कि फीफा विश्व कप-2010 में जर्मन टीम ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
स्पेन के खिलाड़ी मानते हैं कि जर्मन टीम ने रणनीति के लिहाज से काफी सुधार किया है और उसके खिलाड़ियों की तकनीक में भी बहुत बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों में सामंजस्य है और यही कारण है कि यह टीम लगातार जीत हासिल कर रही है।
स्पेन के कप्तान इकेर कासिलास ने कहा, "यह विश्व कप की सर्वश्रेष्ठ टीम है। इंग्लैंड और अर्जेटीना के खिलाफ उसके खेल से यह बात साबित हो चुकी है। हम इस टीम का बहुत सम्मान करते हैं। हम जानते हैं कि सेमीफाइल में हमारा उसके साथ कड़ा मुकाबला होगा क्योंकि जर्मन टीम यूरो कप की हार का हिसाब बराबर करने के लिए उतावली है।"
स्पेन की टीम के सभी सदस्यों ने अपने कप्तान से सहमति जताई। इस टीम ने 2008 में फर्नाडो टॉरेस के एकमात्र गोल की मदद से जर्मनी को हराकर यूरो कप खिताब जीता था। इस विश्व कप में सर्वाधिक पांच गोल करने वाले विला ने कहा, "जर्मन टीम महान है। फीफा विश्व कप में उसका भविष्य उज्जवल है। फिलहाल यह टीम शानदार लय में है और हम इसके साथ एक बहुत जोरदार मुकाबले के लिए तैयार हैं।"
इस मैच में जर्मनी के स्टार स्ट्राइकर थॉमस मुलर नहीं खेलेंगे। बीते शनिवार को अर्जेटीना के खिलाफ हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान दूसरा पीला कार्ड दिखाए जाने के बाद मिलर पर एक मैच के लिए प्रतिबंध लगाया जा चुका है। 20 वर्षीय मिलर अब तक चार गोल कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications