Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

गॉल में होगा श्रृंखला का आगाज, निगाहें मुरली पर

वैसे आखिरी टेस्ट मैच खेलने जा रहे मुरलीधरन को गॉल में जोरदार विदाई देने की तैयारी पहले ही कर ली गई है। श्रीलंका को भारत के खिलाफ यहां तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला का पहला मैच खेलना है। मुरली ने टेस्ट मैचों में अब तक 792 विकेट लिए हैं और 800 विकेटों का आंकड़ा छूने के लिए उन्हें सिर्फ आठ विकेटों की जरूरत है। खुद मुरली भी कह चुके हैं कि वह 800 विकेटों के साथ संन्यास लेना चाहेंगे।

भारतीय टीम यहां मुरली को शानदार विदाई को फीका करने की कोशिश में है। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने पहले ही कह दिया है कि उनकी टीम मुरली को आसानी से विकेट नहीं देने वाली है। भ्रमणकारी टीम में कई ऐसे बल्लेबाज भी हैं जिन्हें पवेलियन की राह दिखाना मुरली के लिए आसान नहीं रहेगा।

भारतीय टीम की बल्लेबाजी बेहद मजबूत दिखाई देती है। टीम में सचिन तेंदुलकर, वी.वी.वी. लक्ष्मण, धौनी, गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग जैसे शक्तिशाली बल्लेबाज हैं। अभ्यास मैच में युवराज सिंह ने शानदार शतक जड़कर फॉर्म में लौटने के संकेत दे दिए हैं।

भारतीय टीम की गेंदबाजी लचर जरूर नजर आती है और इसकी बानगी अभ्यास मैच में मिल गई थी। टीम में जहीर खान और शांताकुमारन श्रीसंत की गैरमौजूदगी तेज गेंदबाजी को कमजोर और अनुभवहीन बनाती है। ऐसे में हरभजन सिंह पर जिम्मेदारी बढ़ जाएगी।

दूसरी ओर श्रीलंकाई टीम अपने महान खिलाड़ी को जीत की विदाई जरूर देना चाहेगी। उसके लिए ऐसा मुमकिन भी दिखाई देता है। टीम में तिलकरत्ने दिलशान, कुमार संगकारा और माहेला जयवर्धने सरीखे बल्लेबाज हैं। लसिथ मलिंगा और खुद मुरलीधरन की मौजूदगी मेजबान टीम की गेंदबाजी को और मजबूत बनाती है।

उधर, श्रीलंकाई बोर्ड ने मुरली को जोरदार विदाई देने के लिए एक विशेष विदाई समिति का गठन किया है, जो इस संबंध में तैयारियों पर नजर रखेगी। इस समिति को 'मुरलीधरन विदाई समिति' नाम दिया गया है। साथ ही श्रीलंकाई बोर्ड ने गॉल टेस्ट मैच के लिए अपने सभी पूर्व कप्तानों को निमंत्रण भेजा है। बोर्ड चाहता है कि श्रीलंकाई क्रिकेट को नई ऊंचाई देने वाले इस महान खिलाड़ी की विदाई के वक्त सभी दिग्गज स्टेडियम में मौजूद रहें।

मैच से पहले मुरली के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया जाएगा और फिर मैच की समाप्ति के बाद विशेष समारोह आयोजित होगा। मुरली के मैदान में प्रवेश के वक्त बैंड बाजों के माध्यम से उन्हें सलामी दी जाएगी। मुरली ने कुछ दिन पहले अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा था कि वह एकदिवसीय तथा ट्वेंटी-20 मैचों में खेलना जारी रखेंगे। मुरली ने यह भी कहा था कि अगर बोर्ड ने चाहा और टीम को उनकी जरूरत हुई तो 2011 विश्व कप में उसे अपनी सेवाएं देने के इच्छुक हैं।

गौरतलब है कि 38 साल के मुरली ने अपना टेस्ट करियर की शुरुआत अगस्त, 1992 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलंबो में की थी। इसके बाद से मुरली अब तक 132 टेस्ट खेल चुके हैं, जिनमें उनके नाम 792 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने 337 एकदिवसीय मैचों में भी 515 विकेट चटकाए हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:40 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+