सेरेना के पैर में 10 जुलाई को एक रेस्टोरेंट में हुई दुर्घटना के दौरान चोट लग गई थी। उनका पैर रेस्टोरेंट में पड़े एक टूटे हुए शीशे के टुकड़े पर पड़कर कट गया था। इस घटना के बाद सेरेना को पैर में पट्टी बांधे देखा गया था।
सेरेना को अपने दाएं पैर को सही स्थिति में लाने के लिए उसका ऑपरेशन करना होगा और यही कारण है कि वह अमेरिकी ओपन सहित कई प्रमुख आयोजन में इस वर्ष नहीं खेल पाएंगी।
महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) की वेबसाइट के मुताबिक इस चोट के कारण सेरेना ने इस्ताम्बुल, सिनसिनाटी और मॉन्ट्रियल में होने वाले आयोजनों से अपना नाम वापस ले लिया है। वेबसाइट पर सेरेना की चोट के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
सेरेना ने वेबसाइट को बताया, "अब मैं इस सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाउंगी। मेरे लिए यह दुख की बात है। मुझे अपने पैर का ऑपरेशन करना होगा। लोग मेरे लिए दुआएं कर रहे हैं। मैं उनके प्रति आभारी हूं।"
वेबसाइट के मुताबिक सेरेना 10 जुलाई को बास्केटबॉल टीम डेनवर नगेट्स के स्टार खिलाड़ी कार्मेलो एंथनी की शादी के समारोह में हिस्सा लेने न्यूयार्क के एक रेस्टोरेंट में पहुंची थीं। इसी दौरान यह दुर्घटना हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।