यूसुफ ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा खुद पर लगाए गए आजीवन प्रतिबंध की सजा से नाराज होकर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया था। उन्होंने कहा है कि वह किसी भी कप्तान की देखरेख में खेलने के लिए तैयार हैं।
यूसुफ ने समाचार पत्र 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' से बातचीत के दौरान कहा, "अगर टीम को मेरी जरूरत नहीं तो मैं संन्यास के अपने फैसले के साथ खुश हूं लेकिन अगर टीम को मेरी जरूरत है तो मैं संन्यास तोड़ने के लिए सहर्ष तैयार हूं। मैं देश के लिए खेलना चाहता हूं। कप्तान कौन है मेरे लिए मायने नहीं रखता।"
यूसुफ ने पहले कहा था कि वह अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका के साथ होने वाली टेस्ट श्रृंखला के माध्यम से वापसी करना चाहते हैं लेकिन अब उन्होंने कहा है कि वह इंग्लैंड दौरे से ही देश को अपनी सेवाएं देना चाहते हैं।
बकौल यूसुफ, "मैं किसी भी वक्त चयन के लिए उपलब्ध हूं। अगर पीसीबी मुझे आमंत्रित करता है तो मैं उसका सम्मान करुं गा और कहीं भी जाने के लिए तैयार हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।