मुझे साजिश के तहत फंसाया गया है : कौशिक (लीड-1)
कौशिक ने बुधवार को अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद करार दिया और यह कहा कि वह तब तक टीम के साथ नहीं जुड़ेंगे जब तक आरोप गलत साबित नहीं हो जाते।
उन्होंने कहा, "मेरे खिलाफ उन लोगों ने साजिश की है, जिन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है। मेरी प्रतिष्ठा अब दूसरों के लिए जलन का विषय बन गई है। मुझे अपने ऊपर लगे आरोपों की परवाह नहीं क्योंकि मैं जानता हूं कि इनमें कोई सच्चाई नहीं। यही कारण है कि इनके गलत साबित होने तक मैं खुद को टीम से अलग कर रहा हूं।"
कौशिक ने कहा कि बीते वर्षो में महिला टीम के साथ उनके सफल सफर को लेकर कई लोग उनसे जलने लगे हैं। ऐसे में इस मामले को उनके खिलाफ साजिश के रूप में भी देखा जाना चाहिए।
बकौल कौशिक, "मैं चाहता हूं कि मामले की जांच के लिए गठित समिति व्यक्तिगत तौर पर खिलाड़ियों, कोचों, सहायक कोचों, सहयोगी स्टाफ और यहां तक की संघ के सदस्यों से बात करे। मेरे बारे में भी एक राय हैं। मैं अपनी प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ नहीं होने देना चाहता क्योंकि इस समाज में मेरी इज्जत है।"
इस बीच, हॉकी इंडिया ने विदेश दौरे के दौरान एक महिला के साथ कथित तौर पर टीम होटल में रंगरेलियां मनाने वाले वीडियोग्राफर बासव राज को बर्खास्त कर दिया है। हॉकी इंडिया ने कौशिक और बासवराज के खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए एक चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति में राजीव मेहता, जफर इकबाल, अजीत पाल सिंह और सुदर्शन पाठक को शामिल किया गया है।
समाचार चैनल 'टाइम्स नाउ' के मुताबिक कौशिक ने बुधवार को कहा कि वह खुद को 27 जुलाई से दक्षिण कोरिया में होने वाली एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी से अगल कर रहे हैं। हॉकी इंडिया की कार्यकारी अध्यक्ष विद्या स्टोक्स ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि वह कोच के साथ-साथ उस खिलाड़ी से भी बात करेंगी, जिसने उन पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।
स्टोक्स ने कहा, "कौशिक ने खुद को आगामी आयोजनों से इसलिए अलग कर लिया है क्योंकि वह खुद को बेकसूर बता रहे हैं। मैं इस संबंध में कोच और आरोप लगाने वाली खिलाड़ी से बात करुं गी।" स्टोक्स ने बताया कि कौशिक की गैरमौजूदगी में सहायक कोच टीम के साथ दक्षिण कोरिया जाएंगे। बकौल स्टोक्स, "हम मामले को पूरी गंभीरता से ले रहे हैं। आशा है कि आने वाले दिनों में सब कुछ सामान्य हो जाएगा।"
हॉकी इंडिया के महासचिव नरेंद्र बत्रा ने कहा है कि महिला टीम को नए कोच की जरूरत है और इसके लिए भारतीय खेल प्राधिकरण से संपर्क किया जाएगा।
बत्रा ने बताया कि उन्हें शुक्रवार को एक ईमेल प्राप्त हुआ था जिसमें बासव राज के खिलाफ चीन और कनाडा दौरे के दौरान एक महिला के साथ कथित तौर पर होटल में समय बिताने का आरोप लगाया गया है। यह आरोप गंभीर है और इस कारण बासव राज को बर्खास्त किया जा रहा है।
बत्रा ने कहा, "हमने अपनी ओर से कार्रवाई करते हुए बासव राज को बर्खास्त कर दिया है। वह साई के अधिकारी हैं और अब साई पर निर्भर करता है कि वह उनके खिलाफ कोई आधिकारिक कार्रवाई चाहता है या नहीं।"
उधर, दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा सुनाए गए एक फैसले के आधार पर अपने अधिकार वापस पाने वाले भारतीय हॉकी महासंघ (आईएचएफ) के अध्यक्ष कुंवर पाल सिंह गिल (के. पी. एस. गिल) ने कौशिक पर लगे आरोपों की पुलिस जांच कराने की बात कही है।
गिल ने कहा कि किसी महिला खिलाड़ी द्वारा पुरुष कोच पर लगाए गए आरोप सही भी हो सकते हैं, लेकिन सिर्फ आरोपों के आधार पर किसी व्यक्ति को दोषी नहीं माना जा सकता है। इसकी बाकायदे पुलिस जांच होनी चाहिए।
गिल ने कहा, "उच्चतम न्यायालय ने भी कहा है कि किसी महिला द्वारा यौन शोषण के आरोप को उसी रूप में सही नहीं माना जा सकता, क्योंकि इसके पीछे कुछ और कारण हो सकते हैं। ऐसे में हमें इस मामले को पुलिस के हवाले कर देना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications