Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

महिला हॉकी टीम के कोच कौशिक ने इस्तीफा दिया (लीड-2)

इस बीच, एचआई ने कहा है कि कौशिक पर लगाए गए आरोप सही हैं या गलत इस संबंध में की जा रही जांच की रिपोर्ट शुक्रवार को सामने आ जाएगी। उनका इस्तीफा स्वीकार किया गया है या नहीं, इसका खुलासा नहीं हो सका है।

एचआई ने यह भी कहा है कि आरोप लगाने वाली खिलाड़ी को कौशिक के खिलाफ सबूत पेश करने होंगे। साथ ही उन 31 खिलाड़ियों को भी कौशिक के खिलाफ सबूत देने होंगे, जिन्होंने आरोप लगाने वाली खिलाड़ी द्वारा एचआई को भेजे गए पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।

जांच समिति के सामने पेश होने से पहले कौशिक ने कहा था कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। कौशिक ने कहा कि इस आरोप की जांच पूरी होने तक वह खुद को टीम से अलग कर रहे हैं लेकिन अब उन्होंने अपना पद त्याग दिया है।

उन्होंने कहा, "मेरे खिलाफ उन लोगों ने साजिश की है, जिन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है। मेरी प्रतिष्ठा अब दूसरों के लिए जलन का विषय बन गई है। मुझे अपने ऊपर लगे आरोपों की परवाह नहीं क्योंकि मैं जानता हूं कि इनमें कोई सच्चाई नहीं। यही कारण है कि इनके गलत साबित होने तक मैं खुद को टीम से अलग कर रहा हूं।"

कौशिक ने कहा कि बीते वर्षो में महिला टीम के साथ उनके सफल सफर को लेकर कई लोग उनसे जलने लगे हैं। ऐसे में इस मामले को उनके खिलाफ साजिश के रूप में भी देखा जाना चाहिए।

बकौल कौशिक, "मैं चाहता हूं कि मामले की जांच के लिए गठित समिति व्यक्तिगत तौर पर खिलाड़ियों, कोचों, सहायक कोचों, सहयोगी स्टाफ और यहां तक की संघ के सदस्यों से बात करे। मेरे बारे में भी एक राय हैं। मैं अपनी प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ नहीं होने देना चाहता क्योंकि इस समाज में मेरी इज्जत है।"

इस बीच, हॉकी इंडिया ने विदेश दौरे के दौरान एक महिला के साथ कथित तौर पर टीम होटल में रंगरेलियां मनाने वाले वीडियोग्राफर बासवराज को बर्खास्त कर दिया है।

एचआई ने कौशिक और बासवराज के खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए एक चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति में राजीव मेहता, जफर इकबाल, अजीत पाल सिंह और सुदर्शन पाठक को शामिल किया गया है।

हॉकी इंडिया की कार्यकारी अध्यक्ष विद्या स्टोक्स ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि वह कोच के साथ-साथ उस खिलाड़ी से भी बात करेंगी, जिसने यौन शोषण का आरोप लगाया है।

स्टोक्स ने कहा, "कौशिक ने खुद को आगामी आयोजनों से इसलिए अलग कर लिया है क्योंकि वह खुद को बेकसूर बता रहे हैं। मैं इस संबंध में कोच और आरोप लगाने वाली खिलाड़ी से बात करुं गी।"

स्टोक्स ने बताया कि कौशिक की गैरमौजूदगी में सहायक कोच टीम के साथ दक्षिण कोरिया जाएंगे। बकौल स्टोक्स, "हम मामले को पूरी गंभीरता से ले रहे हैं। आशा है कि आने वाले दिनों में सब कुछ सामान्य हो जाएगा।"

हॉकी इंडिया के महासचिव नरेंद्र बत्रा ने कहा है कि महिला टीम को नए कोच की जरूरत है और इसके लिए भारतीय खेल प्राधिकरण से संपर्क किया जाएगा।

बत्रा ने बताया कि उन्हें शुक्रवार को एक ईमेल प्राप्त हुआ था जिसमें बासव राज के खिलाफ चीन और कनाडा दौरे के दौरान एक महिला के साथ कथित तौर पर होटल में समय बिताने का आरोप लगाया गया है। यह आरोप गंभीर है और इस कारण बासव राज को बर्खास्त किया जा रहा है।

बत्रा ने कहा, "हमने अपनी ओर से कार्रवाई करते हुए बासव राज को बर्खास्त कर दिया है। वह साई के अधिकारी हैं और अब साई पर निर्भर करता है कि वह उनके खिलाफ कोई आधिकारिक कार्रवाई चाहता है या नहीं।"

उधर, दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा सुनाए गए एक फैसले के आधार पर अपने अधिकार वापस पाने वाले भारतीय हॉकी महासंघ (आईएचएफ) के अध्यक्ष कुंवर पाल सिंह गिल (के. पी. एस. गिल) ने कौशिक पर लगे आरोपों की पुलिस जांच कराने की बात कही है।

गिल ने कहा कि किसी महिला खिलाड़ी द्वारा पुरुष कोच पर लगाए गए आरोप सही भी हो सकते हैं, लेकिन सिर्फ आरोपों के आधार पर किसी व्यक्ति को दोषी नहीं माना जा सकता है। इसकी बाकायदे पुलिस जांच होनी चाहिए।

गिल ने कहा, "उच्चतम न्यायालय ने भी कहा है कि किसी महिला द्वारा यौन शोषण के आरोप को उसी रूप में सही नहीं माना जा सकता, क्योंकि इसके पीछे कुछ और कारण हो सकते हैं। ऐसे में हमें इस मामले को पुलिस के हवाले कर देना चाहिए।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:41 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+