हेडिंग्ले टेस्ट : पाकिस्तान ने आस्ट्रेलिया को हराया
पाकिस्तान को हेडिंग्ले टेस्ट में जीत के लिए 180 रनों की चुनौती मिली थी जिसे उसने खेल के चौथे दिन के पहले सत्र में सात विकेट खोकर हासिल कर लिया। पाकिस्तान की ओर से दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज इमरान फरहत ने 67 और युवा बल्लेबाज अजहर अली ने 51 रनों का योगदान दिया। बट्ट के लिए यह मैच खास रहा क्योंकि बतौर कप्तान अपने पहले ही टेस्ट में उन्हें आस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत का स्वाद चखने का मौका मिला।
वैसे इस टेस्ट को जीतने में पाकिस्तानी गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई। अपनी दमदार गेंदबाजी की बदौलत ही पाकिस्तान ने इस मैच की पहली पारी में आस्ट्रेलिया जैसी टीम को महज 88 रनों के योग पर समेट दिया था। पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर ने पहली पारी में तीन और दूसरी पारी में चार विकेट चटकाए। उनके अलावा मोहम्मद आसिफ ने भी दोनों पारियों में कुल पांच विकेट लिए।
आस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 349 रन बनाए परंतु यह उसकी हार टालने के लिए नाकाफी रहा। दूसरी पारी में आस्ट्रेलिया की ओर से माइकल क्लार्क ने 77 और रिकी पोंटिंग ने 66 रनों का योगदान दिया था। पाकिस्तान ने कप्तान बट्ट के 45 और फरहत के 43 रनों की बदौलत अपनी पहली पारी में 258 रन बनाए थे।
गौरतलब है कि ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए श्रृंखला के पहले मैच में आस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 150 रनों से हरा दिया था। इसके बाद ही शाहिद अफरीदी ने टेस्ट मैचों से संन्यास का ऐलान कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications