कोलंबो टेस्ट : चायकाल तक श्रीलंका के 587 रन (लीड-4)
जयवर्धने ने सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर अपना 10वां और कुल 28वां शतक पूरा किया। वह 213 गेंदों का सामना करते हुए 18 चौके लगा चुके हैं जबकि समरवीरा ने 94 गेंदों पर सात चौके लगाए हैं।
मैच के पहले दिन अपने करियर का 23वां शतक लगाने वाले कप्तान कुमार संगकारा दूसरे दिन मंगलवार को 219 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। संगकारा ने करियर का सातवां दोहरा शतक लगाया। श्रीलंकाई कप्तान वीरेंद्र सहवाग की गेंद पर राहुल द्रविड़ के हाथों लपके गए। वह मैच के पहले दिन 130 रन के निजी स्कोर पर नाबाद लौटे थे।
बेजान दिख रही भारतीय गेंदबाजी के सामने श्रीलंकाई टीम ने भोजनकाल के ठीक बाद 500 रनों का आंकड़ा पार कर लिया था। मेजबान टीम ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 312 रन बनाए थे।
पहले दिन श्रीलंका के सलामी बल्लेबाजों थरंगा पारानाविताना (100) और तिलकरत्ने दिलशान (54) ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े थे जबकि पारानाविताना ने संगकारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 174 रन जोड़े।
खेल के पहले दिन मैच आरंभ होने से ठीक पहले भारतीय टीम को दो बड़े झटके लगे थे। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और मध्यक्रम के बल्लेबाज युवराज सिंह को अनफिट होने की वजह से अंतिम एकादश से बाहर होना पड़ा।
गंभीर के घुटने में चोट है और ऐसे में टीम प्रबंधन ने उन्हें आराम देने का फैसला किया। दूसरी ओर, गॉल टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले युवराज बीमार होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं।
इन दोनों के स्थान पर टीम में मुरली विजय और सुरेश रैना को शामिल किया गया है। रैना का यह पहला टेस्ट मैच है। मुरली दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के साथ पारी की शुरुआत करेंगे।
भारतीय टीम पहले ही खिलाड़ियों की खराब फिटनेस और औसत दर्जे के प्रदर्शन से मुश्किल में है। तेज गेंदबाज जहीर खान और शांताकुमारन श्रीसंत चोटिल होने की वजह से पहले ही इस दौरे से बाहर चल रहे हैं।
गॉल टेस्ट में 10 विकेट से हार झेल चुकी भारतीय टीम के लिए दूसरा टेस्ट बेहद महत्वपूर्ण है। अगर तीन मैचों की इस श्रृंखला में भारतीय टीम की हार होती है तो उससे सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम का ताज छिन जाएगा। तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications