समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' ने अकरम के हवाले से लिखा है, "इंग्लैंड का उसी के घर में सामना करना बहुत कठिन काम है। घरेलू हालात में इंग्लैंड की टीम शानदार खेल दिखाती है। ऐसे में युवा पाकिस्तानी टीम के लिए उससे भिड़ना किसी परीक्षा से कम नहीं होगा।"
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेली जानी है। इस श्रृंखला का पहला मैच गुरुवार से ट्रेंट ब्रिज में शुरू हो रहा है।
अकरम ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैचों में 15 वर्ष के अंतराल के बाद जीत हासिल करने वाली टीम की जमकर तारीफ की।
अकरम ने कहा, "यह महान सफलता है। इससे एक युवा टीम में आत्मविश्वास का संचार होगा। एक युवा कप्तान की देखरेख में खेल रही किसी टीम के लिए इस तरह की जीत आगे के सफर के लिए काफी फायदेमंद रहती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।