लाहौर, 28 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के युवा कप्तान सलमान बट्ट का कहना है कि इंग्लैंड की टीम आस्ट्रेलिया से बेहतर है।
यहां के प्रमुख समाचार पत्र 'द न्यूज' को दिए साक्षात्कार में बट्ट ने कहा कि आस्ट्रेलिया की तुलना में इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला कहीं अधिक कठिन रहेगी। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान के हर खिलाड़ी को अपने प्रदर्शन का स्तर पहले से ऊपर उठाना होगा।
बट्ट ने कहा, "मेरा मानना है कि आस्ट्रेलिया से कहीं बेहतर टीम इंग्लैंड की है। इंग्लैंड के खिलाड़ी अच्छी तरह जानते हैं कि किस हालात में कैसा खेल दिखाना है। वह पिच के रुख को बहुत भांप लेते हैं।"
उन्होंने कहा, "आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज आक्रामक खेल दिखते हैं और ऐसे में वह विपक्षी गेंदबाजों को मौके भी देते हैं। दूसरी ओर इंग्लैंड के गेंदबाज बड़ी चतुराई के साथ वक्त की नजाकत को समझते हुए अपने खेल को आगे बढ़ाते हैं।"
गौरतलब है कि हाल ही में आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच हुई टेस्ट श्रंखला 1-1 की बराबरी पर छूटी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।