सायना को देश का सबसे बड़ा खेल सम्मान (लीड-1)
भारत की महान धाविका पी.टी.उषा की अध्यक्षता वाली पुरस्कार समिति ने शुक्रवार को सायना का नाम इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना। खेल मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों के नामों की अगले सप्ताह घोषणा की जाएगी।
सायना ने इस वर्ष न सिर्फ जकार्ता में इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब अपने पास बरकरार रखा बल्कि जून महीने में लगातार तीसरी खिताबी जीत हासिल की थी।
सायना ने जून में भारत में आयोजित इंडियन ओपन ग्रां पी और सिंगापुर में आयोजित सिंगापुर सुपर सीरीज खिताब भी जीता था। उन्होंने 2009 में इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीता था। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय हैं।
इस खिताबी जीत ने सायना को विश्व वरीयता क्रम में दूसरे स्थान पर लाकर खड़ा कर दिया। इसके अलावा सायना ने 2008 में बीजिंग में आयोजित ओलंपिक खेलों में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।
इसके अलावा वह इस वर्ष बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप 2010 में कांस्य पदक जीतने में सफल रही थी। इसी वर्ष सायना ने ऑल इंग्लैंड सुपर सीरीज 2010 के सेमीफाइनल में पहुंचकर भारतीय खिलाड़ियों के लिए एक और मील का पत्थर स्थापित किया था।
सायना ने साबित कर दिया है कि अनुशासित और नियमित अभ्यास के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। खिताबी जीत ने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों और 2012 में लंदन में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिहाज से सायना को भारत की सबसे बड़ी उम्मीद के तौर पर पेश किया है।
सायना ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। मेरे लिए यह चौंकाने वाली खबर है। खुशी की बात यह है कि मुझे विश्व चैम्पियनशिप से ठीक पहले यह खबर मिली है। सही मायने में पिछले कुछ महीने मेरे लिए शानदार रहे हैं। मैंने इस वर्ष लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।"
"मेरे करियर में सबकुछ बहुत जल्दी-जल्दी हो रहा है लेकिन इससे मेरी मुश्किलें भी बढ़ी हैं। अब लोग मुझसे अधिक उम्मीद करने लगे हैं।" सायना को विश्व चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।
सायना को बीते वर्ष अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया था। इसके अलावा इस वर्ष की शुरुआत में उन्हें देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्श्री से नवाजा गया था।
पिछले वर्ष ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह, कुश्ती का ओलंपिक कांस्य जीतने वाले सुशील कुमार और चार बार की विश्व मुक्केबाजी चैम्पियन एम.सी. मैरीकॉम को एक साथ राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा गया था।
सायना का अब का सफर :
अंतराष्ट्रीय/भारतीय खिताब
2003-चेकोस्लोवाकिया जूनियर ओपन
2005-एशियन सेटेलाइट बैडमिंटन टूर्नामेंट
2006-फिलिपिंस ओपन (चार स्टार वाली प्रतियोगिता जीतने वाली पहली भारतीय)
2006-एशियन सैटेलाइट बैडमिंटन
2007-इंडियन नेशनल बैडमिंटन चैम्पिनयनशिप
2008-योनेस्क चीनी ताइपे ओपन
2008-वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप (जूनियर खिताब जीतने वाली पहली भारतीय)
2009-इंडोनेशियन ओपन सुपर सीरीज (सुपर सीरीज जीतने वाली पहली भारतीय)
2010-इंडियन ओपन ग्रां पी
2010-सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज
2010-इंडोनेशियन ओपन सुपर सीरीज
अन्य अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में प्रदर्शन
राष्ट्रमंडल खेल 2006- कांस्य पदक (मिश्रित युगल)
बीजिंग ओलंपिक 2008-क्वार्टर फाइनल (इस स्तर तक पहुंचने वाली पहला भारतीय महिला)
बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप 2010-कांस्य पदक
ऑल इंग्लैंड सुपर सीरीज 2010-सेमीफाइनल।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications