लंदन ओलंपिक के लिए नारंग ने किया क्वोलीफाई (लीड-1)
नारंग ने जर्मनी के म्यूनिख शहर में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में 10 मीटर की राइफल प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर यह मुकाम हासिल किया। हालांकि खेल रत्न से वंचित रहने के कारण उन्होंने निराशा जताई है।
विश्व के दूसरी वरीयता प्राप्त नारंग ने क्वोलीफाईंग दौर में 597 अंक हासिल किए थे और फाइनल राउंड में उन्होंने 102 अंक अपनी झोली में डाले। इस प्रकार उन्हें 699 अंक मिले और उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया।
ओलंपिक में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाले अभिनव बिंद्रा 25वें स्थान पर रहे और फाइनल दौर में पहुंचने में असफल रहे।
प्रतिस्पर्धा के दौरान इटली के निशानेबाज निक्कोलो कैम्प्रियानी कुल 702.5 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। जबकि हंगरी के खिलाड़ी पीटर सिदी ने 700.4 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया।
नारंग ने तीसरी बार खेल रत्न के लिए नामित न किए जाने पर निराशा जताई है।
नारांग ने म्यूनिख से आईएएनएस को बताया, "तीसरी बार खेल रत्न से वंचित रहने के बाद मैं सचमुच हताश हो गया। यह मेरे लिए विश्व चैंपियनशिप के दौरान मनोबल बढ़ाने वाला होता। लेकिन अब मैं जानना चाहता हूं कि खेल रत्न के लिए मुझे कब तक खुद को साबित करना होगा।"
देश के सबसे प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार 'राजीव गांधी खेल रत्न' पाने से नारंग शुक्रवार को वंचित रह गए थे। चयन समिति ने बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना। निशानेबाजी के राष्ट्रीय कोच सन्नी थामस ने कहा कि यह कांस्य पदक पी. टी. उषा के नेतृत्व वाले पुरस्कार चयन समिति को करारा जवाब है।
थामस ने म्यूनिख से आईएएनएस को बताया, "पुरस्कार पाने से वंचित रहने पर नारंग ने मुझसे अपनी निराशा जाहिर की। मैंने उससे कहा कि मेडल जीत लो और दुनिया को दिखा दो कि तुम खेल रत्न के लिए योग्य हो।"
गौरतलब है कि नारंग राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications