एंडरसन ने पाक को 80 रन पर समेटा (लीड-1)
एंडरसन के अलावा स्टुअर्ट ब्रॉड और स्टीवन फिन्न की बेहतरीन गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान की टीम मैच के चौथे दिन रविवार को 435 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 80 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। पाकिस्तान ने तीसरे दिन खेल की समाप्ति तक तीन विकेट गंवाकर 15 रन बनाए थे।
ब्रॉड और फिन्न ने दूसरी पारी में दो-दो विकेट लिए जबकि एंडरसन ने इस मैच में कुल 11 विकेट अपने नाम किए। पहली पारी में भी उन्होंने पांच विकेट लिए थे। इस जीत ने इंग्लैंड की टीम को चार मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे कर दिया है।
मैच के तीसरे दिन पाकिस्तान ने कप्तान सलमान बट्ट (8), अजहर अली (0) और उमर अमीन (1) के विकेट गंवाए थे जबकि चौथे दिन उसने इमरान फरहत (15), मोहम्मद आमेर (4), उमर अकमल (4), शोएब मलिक (9), कामरान अकमल (0), उमर गुल (0) और मोहम्मद आसिफ (0) के विकेट गंवाए। दानिश कनेरिया 16 रन पर नाबाद लौटे।
हाल ही में खेली गई दो मैचों की श्रृंखला के अंतिम मैच में आस्ट्रेलिया को पराजित करने वाली पाकिस्तानी टीम की बल्लेबाजी का यह आलम रहा कि वह मात्र 29 ओवर तक विकेट पर टिक सकी। 30 जुलाई को अपना 29वां जन्मदिन मनाने वाले एंडरसन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टेस्ट मैचों में पाकिस्तानी टीम का यह अब तक का छठा न्यूनतम स्कोर है। वर्ष 2002 में शारजाह में उसे आस्ट्रेलियाई टीम ने 53 रनों पर पेवेलियन लौटने पर मजबूर कर दिया था। उसी मैच की दूसरी पारी में पाकिस्तानी टीम 59 रन पर सिमट गई थी।
उससे पहले, 1981 में आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने ही पर्थ में पाकिस्तान की धुरंधर बल्लेबाजों को 62 रन के कुल योग पर पेवेलियन की राह दिखाई थी। पर्थ में 2004 में एक बार फिर आस्ट्रेलिया ने पाक टीम को 72 रन पर समेट दिया था।
इससे पहले, 1986 में वेस्टइंडीज के धुरंधर तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तानी बल्लेबाजी क्रम की कलई खोलते हुए उसे 77 रन पर आउट कर दिया था। इंग्लैंड ने तीसरी बार पाक टीम को 100 से कम स्कोर पर आउट किया है। इससे पहले उसने 1954 में उसे 87 पर और उसी वर्ष 90 रन पर पेवेलियन की राह दिखाई थी।
संक्षिप्त स्कोर : इंग्लैंड पहली पारी-354 (इयोन मोर्गन 130, मोहम्मद आसिफ 77/5) और 262/9 (मैट प्रायर नाबाद 102, गुल 41/3) (घोषित), पाकिस्तान-182 (गुल 65, एंडरसन 54/5) और 80 (कनेरिया नाबाद 16, एंडरसन 17/6)।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications