लंदन, 2 अगस्त (आईएएनएस)। प्रीमियर लीग क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के लिए खेलने वाले ब्राजीली मिडफील्डर एंडरसन एक कार दुर्घटना में चोटिल हो गए हैं।
पुर्तगाल के समाचार पत्र 'जर्नल दे नोटिसियास' के मुताबिक चोट के कारण विश्व कप और प्रीमियर लीग सत्र के आखिरी दौर में नहीं खेल पाने वाले एंडरसन को शनिवार को उनकी जलती ऑडी कार से बाहर निकाला गया।
पत्र के मुताबिक एंडरसन एक नाइटक्लब से लौट रहे थे, तभी उनकी कार दुर्घटना का शिकार हो गई थी।
एंडरसन के एजेंट गेस्टीफुटे ने कहा, "ईश्वर की कृपा है कि एंडरसन उस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। वह जल्द ही मैनचेस्टर लौटेंगे।"
22 वर्षीय एंडरसन का ब्रागा अस्पताल में इलाज किया गया। दुर्घटना के शिकार एक पुरुष और एक महिला का भी इसी अस्पताल में इलाज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।