कोलंबो टेस्ट : संगकारा का अर्धशतक, श्रीलंका मजबूत (लीड-3)
श्रीलंकाई टीम ने अपना पहला विकेट 15 रन के कुल योग पर ही गंवा दिया था लेकिन इसके बाद हुई दो अच्छी साझेदारियों ने उसे संतोषजनक स्थिति में ला दिया है।
दूसरे सत्र के खेल के दौरान मेजबान टीम ने दो विकेट पर 150 रन बना लिए हैं। संगकारा ने 109 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 69 रन बनाए हैं जबकि पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने 63 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 21 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
श्रीलंका का दूसरा विकेट सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान के रूप में गिरा। दिलशान 70 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 40 रन बनाकर भोजनकाल से ठीक पहले रन आउट हुए। दिलशान को रन आउट करने में कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और मुरली विजय का योगदान रहा।
श्रीलंका को पहला झटका सलामी बल्लेबाज थरंगा पारानाविताना के रूप में लगा। बेहतरीन फार्म में चल रहे पारानाविताना मात्र आठ रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद पर धौनी के हाथों लपके गए।
मैच शुरू होने से पहले भारत को एक बड़ा झटका लगा। ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह फिट नहीं होने की वजह से मैच में नहीं खेल सके। हरभजन की अनुपस्थिति में भारतीय टीम प्रबंधन ने दो स्पिनरों-प्रज्ञान ओझा और अमित मिश्रा के साथ उतरने का फैसला किया।
इससे पहले, सोमवार को सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को भी इस टेस्ट के लिए अनफिट घोषित किया गया था। गंभीर के घुटने में सूजन है। इसी सूजन के कारण वह सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भी नहीं खेल सके थे।
इस मैच में उतरने के साथ ही भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने सर्वाधिक 168 टेस्ट मैच खेलने का आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ का रिकार्ड तोड़ दिया। तेंदुलकर अपने करियर के 169वें मैच में खेल रहे हैं।
तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए है। उसने गॉल में खेला गया पहला टेस्ट मैच 10 विकेट से जीता था जबकि कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला गया दूसरा टेस्ट मैच बेनतीजा समाप्त हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications