कोलंबो टेस्ट : भोजनकाल से ठीक पहले श्रीलंका को दूसरा झटका (लीड-2)
सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान 70 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 40 रन बनाकर रन आउट हुए। दिलशान को रन आउट करने में कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और मुरली विजय का योगदान रहा।
भोजनकाल तक श्रीलंका ने दो विकेट खोकर 102 रन बना लिए हैं। कप्तान कुमार संगकारा ने 65 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की सहायता से 48 रन बनाए हैं जबकि माहेला जयवर्धने ने खाता नहीं खोला है।
श्रीलंका को पहला झटका सलामी बल्लेबाज थरंगा पारानाविताना के रूप में लगा। बेहतरीन फार्म में चल रहे पारानाविताना मात्र आठ रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद पर धौनी के हाथों लपके गए।
मैच शुरू होने से पहले भारत को एक बड़ा झटका लगा। ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह फिट नहीं होने की वजह से मैच में नहीं खेल सके। हरभजन की अनुपस्थिति में भारतीय टीम प्रबंधन ने दो स्पिनरों-प्रज्ञान ओझा और अमित मिश्रा के साथ उतरने का फैसला किया।
इससे पहले, सोमवार को सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को भी इस टेस्ट के लिए अनफिट घोषित किया गया था। गंभीर के घुटने में सूजन है। इसी सूजन के कारण वह सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भी नहीं खेल सके थे।
इस मैच में उतरने के साथ ही भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने सर्वाधिक 168 टेस्ट मैच खेलने का आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ का रिकार्ड तोड़ दिया। तेंदुलकर अपने करियर के 169वें मैच में खेल रहे हैं।
तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए है। उसने गॉल में खेला गया पहला टेस्ट मैच 10 विकेट से जीता था जबकि कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला गया दूसरा टेस्ट मैच बेनतीजा समाप्त हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications