पहली बार विश्व चैम्पियन बने स्पेन को जहां मेक्सिको के खिलाफ बराबरी से संतोष करना पड़ा वहीं उपविजेता हॉलैंड को यूक्रेन ने बराबरी पर रोका। दूसरी ओर, विश्व कप में तीसरे स्थान पर रहे जर्मनी को डेनमार्क को खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलना पड़ा।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक स्पेन की टीम इंजुरी टाइम तक 0-1 से पिछड़ रही थी लेकिन स्टार स्ट्राइकर डेविड विला ने खेल खत्म होने से ठीक पहले बराबरी का गोल दागकर स्पेन को शर्मसार होने से बचा लिया।
हाल ही में बार्सिलोना के साथ करार करने वाले विला ने नवंबर 2006 के बाद स्पेन को पहले अंतर्राष्ट्रीय हार से बचा लिया।
विश्व कप में चौथे स्थान पर रही उरुग्वे की टीम बुधवार को जीत हासिल कर सकी। उसने एडिसन कावानी और एबेल हर्नादेज के गोलों की मदद से अंगोला को 2-0 से पराजित किया।
इसके अलावा नॉक-आउट दौर में बाहर होने वाले अर्जेटीना और इंग्लैंड ने भी जीत दर्ज की। इंग्लैंड ने स्टीवन गेरार्ड को दो गोलों की मदद से जहां हंगरी को 2-1 से पराजित किया वहीं अर्जेटीना ने आयरलैंड के खिलाफ 1-0 से जीत दर्ज की।
अन्य मुकाबलों में स्वीडन ने जहां स्कॉटलैंड को 3-1 से हराया वहीं फीफा विश्व कप के पहले दौर से बाहर होने वाले पूर्व चैम्पियन फ्रांस को नार्वे के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
रूस के लिए बुधवार का दिन अच्छा रहा क्योंकि वह बुल्गारिया को 1-0 से पराजित करने में सफल रहा। इसी तरह बेलारूस ने लिथुआनिया को 2-0 से और ईरान ने अर्मेनिया को 3-1 से पराजित किया।
फिनलैंड भी जीत हासिल करने में सफल रहा। उसने बल्जियम को 1-0 से हराया। चेक गणराज्य को भी लातविया पर जीत मिली। उसने अपना दोस्ताना मुकाबला 4-1 के बड़े अंतर से जीता।
इसी तरह वेल्स ने लैक्जमबर्ग को 5-1 से रौंद दिया। तुर्की ने जहां रोमानिया को 2-0 से हराया वहीं स्विट्जरलैंड और ग्रीस जीत का स्वाद चखने में सफल रहे। स्विस टीम ने जहां आस्ट्रिया को 1-0 से पराजित किया वहीं ग्रीस ने सर्बिया को भी इसी अंतर से हराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।